मासूम पृथ्वी आज भी अपनी मां के आंचल से महरूम है। एक वर्ष पहले 14 जून, 2023 को सांगानेर सदर क्षेत्र से 11 माह के मासूम का अपहरण हुआ था। आज भी बेबस मां पूनम उस घड़ी को याद करते हुए सिहर उठती है।
Jaipur News : बी-टू बायपास चौराहा के पास से अपहृत हुए 9 माह के मासूम अशोक की तरह हर बच्चे की किस्मत नहीं है। उसकी तलाश में तो 400 पुलिसकर्मियों को लगा दिया गया था, जिसके चलते अपहरणकर्ता दम्पती को पकड़ा जा सका लेकिन मासूम पृथ्वी अब भी अपनी मां के आंचल से महरूम है। एक वर्ष पहले 14 जून, 2023 को सांगानेर सदर क्षेत्र से 11 माह के मासूम का अपहरण हुआ था। आज भी बेबस मां पूनम उस घड़ी को याद करते हुए सिहर उठती है।
अपने लाल की तलाश में पूनम जयपुर कमिश्नरेट व उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारियों से अनगिनत बार गुहार लगा चुकी है। बार-बार उत्तर प्रदेश जाने में असमर्थ पूनम पत्र के जरिए ही बेटे की तलाश करने के साथ आरोपी अपहरणकर्ता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करती है। पूनम ने सांगानेर सदर थाने में परिचित उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल तनुज चाहर के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करवाया। तनुज एक वर्ष पहले पुलिस लाइन अलीगढ़ में कार्यरत था लेकिन बच्चे के अपहरण के बाद से वह भी ड्यूटी पर नहीं लौटा है।
आरोप है कि 14 जून 2023 को आरके वाटिका स्थित घर पर पृथ्वी खेल रहा था। इस दौरान चार बदमाश घर में घुस आए और पृथ्वी के दादा को कमरे में बंद कर दिया। पूनम ने बताया कि वह घर के बाहर आकर बचाने के लिए चिल्लाने लगी। तभी बदमाश पृथ्वी को उठाकर ले जाने लगे। चीख सुनकर कुछ दूरी पर खड़े भाई ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने उसकी आंख पर गुलेल से पत्थर मार दिया। इससे आंख पर गंभीर चोट लगी।
पुलिस में बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दी। बच्चे के अपहरण के बाद तनुज का फोन आया और उसने कहा कि तेरे बच्चे की तबीयत बिगड़ रही है। तब पता चला कि बच्चे का अपहरण तनुज ने किया है। पूनम का कहना है कि आरोपी उसके पीहर पक्ष से रंजिश रखता है और इसी के चलते वह बच्चे का अपहरण कर ले गया।
यह भी पढ़ें :