जयपुर

उपेक्षा की मार: खंडहर बन रहा पटवार भवन, परिसर में गंदगी का अंबार

Aug 08, 2026
Rajasthan

ग्रामीणों ने कलक्टर से लगाई सफाई और संरक्षण की गुहार

राजमहल. राजस्व विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते कस्बे के मुख्य बाजार स्थित लाखों रुपए की लागत से निर्मित सरकारी पटवार भवन खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। भवन परिसर और उससे सटे मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।

ग्रामीण संतोष वैष्णव, बाबूलाल, सोहनलाल लोधा, गुलाबचंद और हंसराज ने बताया कि पटवार भवन असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने के साथ ही कचरा डालने का स्थान बन गया है। कई बार पंचायत प्रशासन को सफाई के लिए अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान परिसर में जमा कचरा और गंदगी बहकर आसपास के घरों तक पहुंच जाती है। इससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि भवन जर्जर होने के कारण किसानों को हल्का पटवारी से संबंधित कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। समय रहते संरक्षण नहीं किया गया तो भवन पर अतिक्रमण होने की आशंका भी है।

ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को पत्र भेजकर पटवार भवन परिसर एवं आसपास की सड़क की तत्काल सफाई, भवन की मरम्मत और संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


राजमहल. मुख्य बाजार स्थित पटवार भवन परिसर में फैली गंदगी।

Updated on:
08 Aug 2026 06:01 am
Published on:
08 Aug 2026 06:01 am