
जयपुर। बीते चौबीस घंटे में प्रदेश में मौसम तंत्र कमजोर पडऩे से जहां बारिश का दौर थम गया है लेकिन उत्तरी राज्य जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी और बारिश के असर से प्रदेश में हाडक़ंपा रही सर्दी का अहसास बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन चार दिन प्रदेशभर में शीतलहर चलने व सुबह शाम में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है ऐसे में फिलहाल प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का असर बना रहेगा। राजधानी में आज सुबह हवा की रफ्तार थमी रही लेकिन शहर के बाहरी इलाकों में छाए कोहरे से लोगों की दिनचर्या में बदलाव नजर आया।
बीती रात कड़ाके की सर्दी का असर रहा वहीं न्यूतनम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। आज सुबह छह बजे शहर में दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले चौबीस घंटे में कोहरा छाए रहने व दिन में उत्तर पूर्वी हवाएं चलने पर सर्दी के तेवर तीखे बने रहेंगे। वहीं सुबह शाम में शहर के बाहरी इलाकों में कोहरे का असर भी फिलहाल बना रहेगा। राजधानी में बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रहा। आज सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर दृश्यता 150 मीटर रही। हवाई उड़ानों पर इसका असर पड़ा।
कोहरे से थमी ट्रेनों की रफ्तार, फेल हुए एंटी फॉग डिवाइस
रेल इंजनों में एंटी फॉग डिवाइस लगाकर घने कोहरे में भी ट्रेनों का संचालन समय पर करने के रेलवे प्रशासन के दावे बिगड़े मौसम के सामने कागजी साबित हुए हैं। रोजाना दर्जनों ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से घंटों देरी से हो रहा है और रेलयात्री परेशान हैं। रेलवे कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार आज सियालदाह— अजमेर एक्सप्रेस 08 घंटे 3 मिनट,हावड़ा— जोधपुर सुपरफास्ट 04 घंटे 30 मिनट, जोधपुर— हावड़ा सुपरफास्ट 03 घंटे, अहमदाबाद— हरिद्वार योगा एक्सप्रेस व वाराणसी— जोधपुर मरूधर एक्सप्रेस 02 घंटे 45 मिनट,जैसलमेर— दिल्ली इंटरसिटी 02 घंटे 30 मिनट और जम्मुतवी— अजमेर पूजा एक्सप्रेस 01 घंटे 30 मिनट देरी से चल रही है।
खाटूश्यामजी- मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही अल सुबह से ही पूरा कस्बा कोहरे की आगोश में घिरा रहा। मनो ऐसा लग रहा था कि कोहरा बाबा श्याम के दरबार में ढोक लगाने आया हो। घना कोहरा होने के कारण वाहन चलाने में चालको को दिक्कत आई। चालकों को धीमी गति से और हेड लाइट जलाकर चलना पड़ा।
फतेहपुर- में खेतों में जम गई ओस की बूंदे।
श्रीगंगानगर - मावठ के बाद छाई धुंध, कड़ाके की ठंड बढी राजियासर (श्रीगंगानगर) राजियासर व आस पास के क्षेत्र में दो दिनो से हल्की बुंदाबांदी के बाद आज सुबह ही घना कोहरा छा गया, देर रात्रि कोहरा छा जाने पर नेशनल हाईवे पर चल रहे वाहनो की गति कम हुई व वाहन चालको ने लाईटे जलाकर सफर किये, वही सुबह आठ बजे तक बाजार नही खुले लोग घरो में ही दुबके रहे, बरसने लगी धुंध-क्षेत्र में पहली बार बरसने वाली धुंध आई है जिससे पेड़ो से पानी बरसा, वहीं किसानो को इस धुंध से हाड़ी की फसल चना, सरसौं व जौ को लाभ हुआ है, किसानो ने धुंध से हाड़ी की फसल के लिए लाभदायक बताया है, वहीं नौनीहालो व बड़े बुजुर्गो को ठिठूरन से कंपकंपी छूट्टी।
भीषण ठंड और कोहरे के कारण जोधपुर जैसलमेर रेल खंड के बीच चलने वाली अधिकांश रेल गाडिय़ां लेट लतीफी का शिकार हो रही है। इस कारण आवागमन करने वाले लोगों को काफी असुविधा और परेशानी झेलनी पड़ रही है ।हावड़ा से चलकर जैसलमेर जाने वाली गाड़ी नंबर 12371 जिस का निर्धारित समय रात्रि 9:00 बजे रामदेवरा पहुंचने का है वह मंगलवार को अपने निर्धारित समय से 5 घंटे की विलम्ब से रामदेवरा पहुंची इस से इस रेल में सफर कर रहे हजारों लोगों को भीषण कडक़ड़ाती ठंड में काफी असुविधा व परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा लंबी दूरी की अधिकांश रेलगाडिय़ां अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही है। मौसम की मार ने एक्सप्रेस व् सुपर फ़ास्ट रेल ट्रेनों की रफ्तार थाम ली है जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है। सभी ट्रैन अपने निर्धारित समय से कई घंटों के विलम्ब से चली।