
Police area domination raid: राजधानी जयपुर में कॉलेज-विश्वविद्यालय के छात्रों को मादक पदार्थ सप्लाई करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए जयपुर रेंज पुलिस ने दिल्ली रोड पर एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की । पुलिस की कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने 11 संदिग्धों को धर दबोचा। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से ड्रग्स सप्लाई के नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी कर रही है।
जयपुर रेंज आइजी राहुल प्रकाश ने बताया कि निम्स विश्वविद्यालय के आस-पास के क्षेत्र में छात्रों को नशा सामग्री परोसे जाने की सूचना मिली थी। इस पर जयपुर ग्रामीण एसपी राशि डोगरा डूडी के निर्देशन में रविवार सुबह पुलिस ने चंदवाजी क्षेत्र स्थित कॉलेज-विश्वविद्यालय के आस-पास एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई। इस दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों समेत 11 संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मूलत: नींदड़ हाल जुगलपुरा निवासी युगल किशोर नायक व जुगलपुरा निवासी हजारी लाल नायक को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 8.25 ग्राम स्मैक बरामद की।
एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई 8 थानों की पुलिस व आरएसी के जवानों ने की। 70 पुलिसकर्मियों के साथ आरएसी जवानों की आठ टीम बनाई गईं। उन्होंने कई ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई को पूरी तरह गुप्त रखा। वहीं पुलिस ने हॉस्टल, पीजी व अन्य स्थानों पर रहने वाले छात्रों को नशा न करने के लिए जागरूक भी किया।
एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई में पुलिस ने जुगलपुरा निवासी कालूराम जोगी, रमेश नायक, सुनील नायक, दिनेश नायक, सुरेन्द्र नायक, बादूराम नायक, पिंकेश नायक, कालूराम नायक, पूजार देवी को गिरफ्तार किया।