
जयपुर मर्डर केस के दोनों आरोपी गिरफ्तार
Bindayaka Murder Case: जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र में सिंवार मोड़ स्थित एक होटल में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि दोनों ने अपने दोस्त दिनेश उर्फ दन्शी गवारिया की गला घोंटकर हत्या की थी। वारदात की वजह शराब पार्टी के खर्च को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। मामले में यह भी सामने आ रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने यूट्यूब पर पुलिस से बचने के तरीके खोजे थे और साथ ही हत्या की सजा से जुड़ी जानकारी भी खोजी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक दिनेश उर्फ दन्शी को पैसों की जरूरत थी। उसका दोस्त नितेश उसे यह कहकर जयपुर लाया कि उसका परिचित संजय कासोटिया लोन दिलाने का काम करता है। 24 जुलाई को तीनों सिंवार मोड़ स्थित श्री होटल एंड रेस्टोरेंट के कमरा नंबर-201 में रुके। दिनभर साथ रहने के बाद शाम को तीनों ने शराब पी। इसी दौरान शराब पार्टी के खर्च को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि संजय और नितेश ने मिलकर दिनेश के गले में पड़े स्टोल (दुपट्टे) से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर कर दिए। मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए और उसकी सिम जयपुर रेलवे स्टेशन के पास तोड़कर फेंक दी। इसके बाद दोनों दौसा पहुंच गए, जहां होटल के वाई-फाई का इस्तेमाल कर यूट्यूब पर 'हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें', 'पुलिस कितने दिन में पकड़ती है' और 'हत्या की सजा क्या होती है' जैसे वीडियो और जानकारी सर्च करते रहे। बाद में दोनों खाटूश्यामजी भी गए और फिर किसी दूसरे राज्य भागने की तैयारी कर रहे थे।
25 जुलाई को होटल के कमरे से दिनेश का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। होटल के रिकॉर्ड से पता चला कि मृतक दो दोस्तों के साथ ठहरा था, लेकिन घटना के बाद दोनों गायब थे। जांच के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और दोनों आरोपियों को दौसा से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Updated on:
27 Jul 2026 06:03 pm
Published on:
27 Jul 2026 06:03 pm
