
जयपुर. पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस में तब्दील करने की कवायद ने यात्रियों की जेब पर सीधा बोझ डाल दिया है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई ट्रेनें महज कागजों और बोर्ड पर ही 'एक्सप्रेस' है। श्रेणी और नंबर बदलने के साथ किराया तो एक्सप्रेस का वसूला जा रहा है, मगर पटरियों पर इनकी चाल, ठहराव और सुविधाओं में कोई खास बदलाव नजर नहीं आ रहा है।
दरअसल, रेलवे लंबी दूरी तय करने वाली पैसेंजर ट्रेनों की औसत गति बढ़ाने और संचालन को अधिक व्यवस्थित करने के उद्देश्य से उन्हें एक्सप्रेस में तब्दील कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, पिछले 6 साल में उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में 50 से ज्यादा पैसेंजर श्रेणी की ट्रेन सेवाओं को एक्सप्रेस श्रेणी में बदला गया है। जयपुर मंडल और जयपुर से जुड़े रूटों की पड़ताल में सामने आया कि कई ट्रेनें आज भी पुराने ढर्रे पर चल रही हैं। इनके ठहराव में कोई बड़ी कटौती नहीं हुई और न ही औसत गति में खास इजाफा हुआ, लेकिन यात्रियों को पहले से ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है। वहीं, कई ट्रेनों में पेंट्रीकार जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। कोचों की स्थिति, सीटों की व्यवस्था और सफाई जैसी सुविधाओं में बड़ा बदलाव नहीं हुआ।
जो ट्रेनें ट्रेनें पैसेंजर से एक्सप्रेस में तब्दील की गई हैं, उनकी नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए। यदि वे अभी भी पुराने ढरें और सामान्य तरीके से ही संचालित हो रही हैं, तो उन्हें पुनः पैसेंजर का दर्जा दे देना चाहिए। केवल नाम और नंबर बदलने से यात्रियों पर किराए का बोझ डालने से कोई फायदा नहीं है।
- यशवंत कुमार शर्मा, पूर्व रेल अधिकारी
रेलवे की ओर से समय-समय पर ओर समय-समय समय-सारणी का निर्धारण किया जाता है। रेल नेटवर्क पर दोहरीकरण और मौजूदा रेलमार्गों की गति बढ़ाने जैसे आधारभूत संरचना विकास कार्य भी प्रगति पर हैं। इनके पूरा होने से रेल परिचालन क्षमता बढ़ेगी और समय-सारणी में बदलाव के अधिक विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।
- अमित सुदर्शन, सीपीआरओ
दैनिक यात्रियों का कहना है कि पहले जिन ट्रेनों में कम किराए में सफर हो जाता था, यानी न्यूनतम किराए दस रुपए में अब उन्हीं ट्रेनों के लिए तीन गुना ज्यादा यानी 30 रुपए न्यूनतम किराया पड़ रहा है। इसके देना बावजूद यात्रा अवधि में कोई खास कमी नहीं आई है। कई रूटों पर ट्रेनें आज भी छोटे स्टेशनों और हॉल्ट पर रुकती हैं। सबसे ज्यादा असर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है, जो रोजाना इन ट्रेनों से सफर करते हैं।
| श्रेणी | ट्रेनों की संख्या / स्थिति |
| जोन में कुल ट्रेनें | 444 |
| मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें | 260 |
| पैसेंजर ट्रेनें | 184 |
| बीते 6 साल में बदलाव | 50 से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनें एक्सप्रेस में तब्दील |