जयपुर

लखनऊ अग्निकांड हादसे के बाद राजस्थान के 4 शहरों में एक्शन, 48 कोचिंग-लाइब्रेरी संचालकों को दिया नोटिस

Notice Issued To Library and Coaching Centres: लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद राजस्थान के 4 प्रमुख शहरों में प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी पर सख्ती शुरू कर दी है। फायर सेफ्टी मानकों की जांच के दौरान कई खामियां सामने आने पर 48 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
2 min read
Jun 24, 2026
Rajasthan Action After Lucknow Fire Tragedy
कार्रवाई के दौरान गोपालपुरा पर कोचिंग संस्थान को सील करते निगमकर्मी। (फोटो: पत्रिका)

Lucknow Coaching Centre Fire: लखनऊ में लाइब्रेरी में आग लगने से छात्रों की मौत के बाद भी राजस्थान के कोचिंग हब और शैक्षणिक शहरों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नहीं आया है। जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा और बीकानेर में नगर निगम और अग्निशमन विभाग ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, हॉस्टल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर कई संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कुछ को सीज किया गया है। वहीं, सीकर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।

जयपुर में 18 कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरी को सील किया गया है। वहीं सीकर के एजुकेशन जोन पिपराली रोड व नवलगढ़ रोड पर संकरी गलियों में हॉस्टल-रेस्टोरेंट, कोचिंग, मैस संचालित हो रहे हैं। शहर के इस हिस्से में सुरक्षा मापदंडों को दरकिनार कर चार मंजिला से लेकर आठ-नौ मंजिला तक कोचिंग, हाॅस्टल, मॉल, रेजिडेंशियल व कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस जाने तक की जगह नहीं है।

बेसमेंट में क्लास, बाहर निकलने का रास्ता 'ब्लॉक'

इसे सरकारी तंत्र की अकर्मण्यता कहें या हादसों के बाद घडियाली आंसू बहाने का पुराना ढर्रा… उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दर्दनाक हादसे ने जब देश को हिलाया, तो जयपुर नगर निगम की फायर शाखा की भी कुंभकर्णी नींद अचानक टूट गई। मंगलवार सुबह-सुबह टीम पूरे साजो-सामान के साथ निकली। गोपालपुरा बाईपास, गुर्जर की थड़ी, रामगढ़ मोड़, झोटवाड़ा और मुरलीपुरा में कार्रवाई करते हुए 18 से अधिक कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों को सील कर दिया। ये संस्थान दो मंजिला से लेकर चार मंजिला तक है। पड़ताल में जो हकीकत सामने आई, वह चौंकाने वाली है।

नोटिस देकर भूले, हादसे के बाद कार्रवाई

भले ही कार्रवाई को निगम अधिकारी नियमित प्रक्रिया बता रहे हों, लेकिन सच्चाई यह है कि अग्निशमन अधिकारी नोटिस देकर भूल गए थे। जयपुर के गोपालपुरा बाइपास पर कार्रवाई वाले कोचिंग संस्थानों को मार्च में नोटिस जारी किए गए थे। रामगढ़ मोड़ और गुर्जर की थड़ी क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों को फरवरी और कुछ को मई में नोटिस जारी किए गए।

कोटा: शहर में कोचिंग क्षेत्र जवाहर नगर, लैंडमार्क सिटी, नया नोहरा क्षेत्र में टीमें भेजी गई थी। जांच के बाद 5 कोचिंग और 3 लाइब्रेरी संचालकों को नोटिस दिए गए।

भीलवाड़ा: नगर निगम ने 2 होटल, 1 कोचिंग तथा 1 रेस्टोरेंट को सीज कर दिया। यहां मानक के अनुसार फायर सिस्टम नहीं थे। 10 कोचिंग को नोटिस जारी किया गया।

बीकानेर: दस से अधिक लाइब्रेरी को नोटिस जारी किया गया है। बीकानेर में 25 से अधिक लाइब्रेरी और दस से अधिक बड़े कोचिंग संस्थान संचालित हैं।

इन पर हुई कार्रवाई

  1. रामगढ़ मोड़:-
  • इंटरनेशनल क्लासेज
  • कार्तिक कॉम्पटीशन एकेडमी
  • डीएन लाइब्रेरी
  • गुरुकुल लाइब्रेरी
  • डीएन क्लासेज
  • मां सरस्वती लाइब्रेरी2. गोपालपुरा बाईपास…
  • राजस्थान जेट क्लासेज, गंगाराम नगर
  • मैड गुरु, गंगाराम नगर
  • एएसपी क्लासेज, त्रिवेणी चौराहा
  • वीजीपी क्लासेज/जेजे क्लासेज
  • अरावली क्लासेज, रिद्धि-सिद्धि सर्कल
  • नेक्स्ट गुरु, रिद्धि-सिद्धि
  • कॅरियर विल कोचिंग
  • ओटीएस अड्डा क्लासेज
  • सक्षम कोचिंग क्लासेज, मुरलीपुरा
  • सिस्टम इंस्टीट्यूट, मुरलीपुरा
  • गुरु नर्सिंग अकेडमी, गुर्जर की थड़ी
  • मुकेश पंचोली क्लासेज, कटेवा नगर
    Published on:
    24 Jun 2026 09:42 am