RPSC 2nd grade teacher exam paper Leak : वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा पेपर लीक मामले में मुख्य वांटेड भूपेन्द्र सारण और सुरेश ढाका का अभी तक सुराग नहीं लगा है। दोनों वांटेड को राजस्थान के सभी जिलों की पुलिस के साथ विशेष तौर पर जयपुर कमिश्नरेट, उदयपुर पुलिस और एसओजी तलाश रही है। इसके बावजूद वांटेड पकड़े नहीं जा सके।
वहीं जयपुर में वांटेड के कोचिंग संस्थान पर बुलडोजर चलने के साथ उदयपुर पुलिस ने प्रदेशभर में जुटाई गई आरोपितों की सम्पत्ति कुर्क करने का प्रस्ताव जिला कलक्टर के जरिए गृह विभाग को भेजा है। सूत्रों के मुताबिक वांटेड सुरेश ढाका व भूपेन्द्र सारण की सम्पत्ति कुर्क करने का प्रस्ताव गृह विभाग में लंबित है। गृह विभाग की मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर में मिली थी करीब 5 करोड़ की सम्पत्ति
जयपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वांटेड भूपेन्द्र सारण व गिरफ्तार हो चुके सुरेश विश्नोई की करीब 5 करोड़ की तीन सम्पत्ति के दस्तावेज व जानकारी उदयपुर पुलिस को सौंपी थी। इसके अलावा उदयपुर पुलिस ने जालौर सहित अन्य कुछ स्थानों पर भी आरोपितों की सम्पत्ति की जानकारी जुटाई थी। जयपुर में वांटेड भूपेन्द्र सारण की पत्नी व भाई की पत्नी के नाम से बगरू औद्योगिक क्षेत्र में 1500 वर्गगज का भूखंड, वांटेड भूपेन्द्र का भाई के सांझे में रजनी विहार में मकान और सुरेश विश्नोई के पिता के नाम से चित्रकूट स्थित नेमी नगर में भूखंड मिला।
यहां भी चले जेडीए का बुलडोजर
पुलिस अधिकारियों की मानें तो जयपुर में वांटेड भूपेन्द्र सारण का भाई के सांझे रजनी विहार में मकान है मकान जेडीए के नक्शे के मुताबिक नहीं बना है। जेडीए अधिकारियों को इस मकान की भी तस्दीक करनी चाहिए।