
जयपुर। प्रदेश में आमजन को महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलाने के लिए 24 अप्रेल से शुरू किए गए महंगाई राहत शिविर के दौरान शनिवार शाम 6 बजे तक 10 योजनाओं में रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा एक करोड़ 26 लाख को पार कर गया है। महंगाई राहत कैम्पों के प्रति आमजन का जबर्दस्त रूझान देखने को मिला है।
शनिवार शाम तक इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना में 10 लाख 59 हजार 411, मुख्यमंत्री नि:शुल्क घरेलू बिजली योजना में 18 लाख 21 हजार 995, मुख्यमंत्री नि:शुल्क कृषि बिजली योजना में 1 लाख 48 हजार 105, मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना में 19 लाख 62 हजार 118, मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में 7 लाख 35 हजार 609 एवं इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में 2 लाख 9 हजार 961 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
इसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में 9 लाख 47 हजार 666, मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना में 10 लाख 33 हजार 123, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 23 लाख 54 हजार 832 तथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में 23 लाख 54 हजार 832 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। महंगाई राहत कैंप 30 जून तक आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री गहलोत ने आज लोगों के अभाव अभियोग सुने
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अपने आवास पर जनसुनवाई करके लोगों के अभाव-अभियोग सुने। जनसुनवाई में दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में फरियादी अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं, जहां मुख्यमंत्री गहलोत फरियादियों की फरियाद सुन कर अधिकारियों को उनकी समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। हालांकि मुख्यमंत्री आवास पर जनसुनवाई हर सोमवार को होती है लेकिन महंगाई राहत शिविरों में मुख्यमंत्री की व्यस्तता के चलते इस बार जनसुनवाई का कार्यक्रम रविवार को ही रखा गया है, इसलिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज लोगों के अभाव-अभियोग सुने।
वहीं जनसुनवाई के दौरान आज जिलों की मांग को लेकर भी कई प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री गहलोत से मुलाकात की और संबंधित बड़े कस्बों को जिला बनाने की मांग की तो वहीं कई प्रतिनिधिमंडल ऐसे भी हैं जो जिला बनाए जाने पर आभार प्रकट करने मुख्यमंत्री आवास पर गए। सरकार की ओर से चलाए जा रहे महंगाई राहत शिविरों में रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन के बाद उत्साहित कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार प्रकट करने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।
वीडियो देखेंः- गहलोत ने किया शहीदों की प्रतिमा का अनावरण...बोले शहीदों पर राजनीति से होता है दुख