
जयपुर। बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए चक्रवात के चलते शुक्रवार से पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर तेज बरसात हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह बरसात मानसून की अंतिम बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में पिछले कई दिन से मौसम में बदलाव आ रहा था। हवाओं का रुख बदलने से खाड़ी में डिप्रेशन बना हुआ है, जो गुरुवार रात को चक्रवात में बदल गया।
चक्रवात की दिशा देश के पश्चिमी और उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में है। उड़ीसा व आंध्रप्रदेश से होते हुए मध्यप्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करेगा। मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज हवाआें के साथ भारी बरसात की चेतावनी दी है।