Pakistan refugees: जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने 10 पाक विस्थापितों को सौंपे नागरिकता प्रमाण पत्र। जयपुर जिला प्रशासन अब तक 340 पाक विस्थापितों को सौंप चुका है भारतीय नागरिकता। भारत की नागरिकता मिली तो खिले पाक विस्थापितों के चेहरे, छलके खुशी के आंसू।
Indian Citizenship: जयपुर। पाक विस्थापितों के हक एवं मांगों को लेकर राजस्थान सरकार काफी संवेदनशील है। मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनुपालना में जयपुर जिला प्रशासन पाक विस्थापितों को नियम एवं पात्रता अनुसार भारतीय नागरिकता प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इसी संवेदनशीलता के चलते बरसों से भारतीय नागरिकता के लिए प्रयास कर रहे 10 पाक विस्थापितों के लिए गुरुवार का दिन खुशियां लेकर आया।
जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने गुरुवार को आयोजित समारोह में 10 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने संगीता, हरिचंद, चमेली बाई, मुकेश कुमार, कलियां देवी, कंवर लाल, संतोष कुमार, सुनित कुमार, राजकुमारी एवं खिआना माहेश्वरी को नागरिता प्रमाण पत्र सौंपे।
इस अवसर पर पटेल ने कहा कि आज का दिन उन सभी पाक विस्थापित भाइयों-बहनों के लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है, जिन्होंने वर्षों तक अपने अधिकारों और पहचान की प्रतीक्षा की। भारतीय नागरिकता प्राप्त कर अब आप विधिवत रूप से इस महान राष्ट्र का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं।
यह नागरिकता केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत माता की गोद में मिला सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मगौरव है। हमारी सरकार ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समर्पित भाव से कार्य कर रही है। मुझे आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भारत की उन्नति और समरसता में सक्रिय भागीदार बनेंगे।
वहीं, अरसे बाद नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने पर पाक विस्थापितों की आंखें छलक आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि बरसों की बेमुल्कज़िंदगी के बाद अब हमें अपनी मिट्टी से कानूनी पहचान मिली है, आज कई सालों का लंबा इंतजार खत्म हुआ है और आज हम फक्र के साथ कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकता का प्रमाण नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था लेकिन अब भारतीय नागरिकता मिलने के बाद ना केवल उन्हें पहचान मिली है बल्कि अब सरकारी योजनाओं की मदद से वे अपने परिवार का भरण पोषण बेहतर तरीके से कर पाएंगे।
गौरतलब है कि जयपुर जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिकता अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत पात्रता प्राप्त करने एवं विहित प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात अब तक कुल 340 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र जारी किये गए हैं।