https://www.patrika.com/rajasthan-news/
जयपुर।
मोतीडूंगरी थाना इलाके में सोमवार शाम एक मकान के निर्माण के दौरान पिलर के लिए मिट्टी हटाने से नजदीक बना हुआ मकान का आधा हिस्सा धराशायी हो गया। हादसे में 60 वर्षीय महिला चपेट में आने से बाल-बाल बची। मकान के गिरने के बाद चीख पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इससे आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना के बाद मौके पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम भी पहुंची। मकान में रहने वाले करीब आधा दर्जन परिवारों को दूसरी जगह पर शिफ्ट किया गया।
लेट-बाथरुम समेत आधा मकान ढ़ह गया
पुलिस ने मकान का निर्माण करने वालों पर लापरवाही का मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि तिलक नगर स्थित संजय कॉलोनी में ताराचंद सिंघी और रमेश सिंघी मकान का नए सिरे से निर्माण कर रहे है। इसमें एक भाई ने दस दिन पहले से निर्माण का काम शुरू किया था। उसके चलते वह मिट्टी हटाकर पिलर का फ्लिंथ तैयार कर रहे थे। शाम को करीब पांच बजे पानी आया हुआ था। उस दौरान सभी लोग पानी भर रहे थे। 60 वर्षीय उच्छब कंवर रसोई के बाहर बर्तन साफ कर रही थी कि एकाएक तेज आवाज के साथ बना लेट-बाथरुम समेत आधा मकान ढ़ह गया। हादसे के बाद उच्छब कंवर घबरा गई और रसोई के कोने में पहुंचकर बेटे सुमेर सिंह को आवाज लगाई।
पांच परिवार के करीब तीस सदस्य रहते हैं
हादसे के बाद पुलिस ने मकान में रहने वालों को अंदर जाने से रोक दिया। पुलिस का कहना है कि मिट्टी का कटाव हो रहा है आधा बचा हुआ मकान भी कहीं ढह गया तो जान-माल को नुकसान हो जाएगा। मकान में पांच परिवार के करीब तीस सदस्य रहते हैं। जबकि मकान मालिक लालसिंह के छह सदस्य भी रहते हैं। एेसे में सभी को विकल्प के तौर पर नजदीकी मकान में रात को ठहराया गया है।