जयपुर

‘मंत्री-विधायकों के बयान CMO से जारी होते हैं’, PCC चीफ डोटासरा के गंभीर आरोप; इंग्लिश मीडियम स्कूलों की कमेटी पर उठाए सवाल

English Medium Schools in Rajasthan: राजस्थान में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को लेकर चल रहे विवाद पर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
2 min read
Jan 04, 2025
PCC chief Govind Dotasara

English Medium Schools in Rajasthan: राजस्थान में महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को लेकर चल रहे विवाद पर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए इन स्कूलों को बेहतर करने के बजाय भाजपा सरकार इसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

डोटासरा ने इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और समीक्षा कमेटी के गठन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय योजनाओं को खत्म करने की साजिश बताया।

बीजेपी सरकार पर लगाए बड़े आरोप

गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू किए थे, जिससे लाखों गरीब बच्चों और बेटियों को मुफ्त में इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई का मौका मिला। हमने इसके लिए अलग से कैडर बनाया और इन स्कूलों को पूरी तरह से व्यवस्थित किया। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन स्कूलों का बेहतरीकरण करना चाहिए था, लेकिन भाजपा ने इसे कमजोर कर दिया।

समीक्षा कमेटी पर उठाए सवाल

गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि समीक्षा के लिए कमेटी एक साल बाद क्यों बनाई गई? एक साल में भाजपा सरकार ने इन स्कूलों के लिए एक भी भर्ती नहीं की। ये स्कूल भाजपा सरकार की शिक्षा नीति के खिलाफ नहीं, बल्कि इसके अनुरूप हैं। फिर इन्हें खत्म करने की साजिश क्यों हो रही है?

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को आड़े हाथों लेते हुए डोटासरा ने कहा कि शिक्षा मंत्री अनर्गल बयान दे रहे हैं। उन्हें यह अधिकार किसने दिया? शिक्षा विभाग अब यू-टर्न विभाग बन गया है। मंत्री को यह समीक्षा करनी चाहिए कि उनकी कुर्सी कैसे बचाई जाए।

उन्होंने कहा कि समीक्षा यह करनी चाहिए कि शिक्षा मंत्री की कुर्सी कैसे बचाई जाए, शिक्षा मंत्री को अनर्गल बयान के लिए किसने अधिकृत कर रखा है। उन्होंने कहा कि मंत्री-विधायकों के बयान CMO से जारी होते हैं, गोवर्धन वर्मा का बयान भी CMO से जारी किया है, जबकि गोवर्धन वर्मा को पता ही नहीं कि उनके नाम से बयान जारी कर दिया।

डोटासरा ने भाजपा नेताओं पर कसा तंज

प्रेसवार्ता में गोविदं सिंह डोटासरा ने कहा कि सुमित गोदारा जब विधायक थे, तब उन्होंने मुझसे इंग्लिश मीडियम स्कूल मांगे थे। गजेंद्र खींवसर रोज अंग्रेजी बोलते हैं, शायद विदेश में पढ़े होंगे। खुद मुख्यमंत्री और दिलावर के क्षेत्र में भी इंग्लिश मीडियम स्कूल खुले हैं। फिर अब 12 महीने में इन स्कूलों को लेकर क्या परेशानी हो गई?

डोटासरा ने पूछा कि जब भाजपा की नई शिक्षा नीति में भी अंग्रेजी को प्राथमिकता दी गई है, तो फिर महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों को बंद करने की कवायद क्यों हो रही है? ये स्कूल गरीब बच्चों के लिए वरदान हैं।

डिप्टी CM पर इस तरह साधा निशाना

समीक्षा कमेटी के संयोजक बनाए गए डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा पर डोटासरा ने निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने दिल्ली वाले किस्सों की समीक्षा करनी चाहिए। फिर बच्चों की इंग्लिश मीडियम स्कूल की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि हमने इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू कर लाखों बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाया। भाजपा को इन स्कूलों की समीक्षा के बजाय इन्हें और मजबूत करना चाहिए था।

Updated on:
04 Jan 2025 05:52 pm
Published on:
04 Jan 2025 05:52 pm