12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में एसयूवी से घर के इकलौते बेटे को कुचलने वाला आरोपी गिरफ्तार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

राजधानी जयपुर के शास्त्री नगर इलाके में एसयूवी की टक्कर से गणेश स्वामी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गणेश मजदूरी कर पत्नी और दो बच्चों का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी अरशद को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 12 Nov 2026, 10:30 PM IST

Jaipur SUV Case

Jaipur SUV Case: गणेश की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन व इनसाइड में गिरफ्तार आरोपी अरशद (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। शास्त्री नगर के नाहरी का नाका स्थित स्वामी बस्ती में गुरुवार को एसयूवी की टक्कर से 40 वर्षीय युवक गणेश स्वामी की मौत हो गई। आरोप है कि चालक ने पहले पैदल जा रहे गणेश को गाड़ी से टक्कर मारी और फिर एसयूवी को रिवर्स कर उसे कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और इसे हादसा नहीं, हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसयूवी की पहचान कर चालक अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बंधा बस्ती का रहने वाला है।

एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ सेकेंड) बजरंग सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान स्वामी बस्ती निवासी गणेश स्वामी के रूप में हुई है। गणेश अपनी बहन ललिता के घर से पानी पीकर पैदल ही अपने घर लौट रहा था। दोनों के घर आसपास ही हैं। इसी दौरान एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। घटना की आवाज सुनकर बहन और चचेरा भाई मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गणेश की मौत हो चुकी थी।

18 लोगों की मौत के बाद गणेश का हुआ था जन्म

गणेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसके चाचा वेदप्रकाश के अनुसार, परिवार ने पहले 18 संतानों को खो दिया था। इसके बाद गणेश का जन्म हुआ था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। अब उसकी मौत के बाद पत्नी आशा (39), बेटा सन्नी (15) और बेटी मोनिका (12) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए गणेश ही सहारा था।

हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर प्रदर्शन

घटना के बाद गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर जमा हो गए। लोगों ने शव के साथ प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि चालक ने टक्कर मारने के बाद जानबूझकर गाड़ी पीछे की और गणेश को कुचल दिया। उन्होंने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाली एसयूवी की पहचान की गई और उसे जब्त कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने चालक अरशद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है और पत्नी व बच्चों का बुरा हाल है।

यह वीडियो भी देखें :