जयपुर

जयपुर शहर की कई कॉलोनियों में हाईटेंशन लाइन का दर्द: सिर पर हर पल मौत का खौफ, छत पर जाने से भी लगता डर

- चंबल पावर हाउस के आस-पास 30 कॉलोनियों में मकानों के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन - हादसों के बावजूद लोगों की मांग पर नहीं हो रही सुनवाई
less than 1 minute read
Oct 20, 2022
jda_2.jpg


जयपुर.

शहर में हवासड़क,चंबल पावर हाउस के आस-पास 30 से ज्यादा कॉलोनियों में रह रही 50 हजार से ज्यादा की आबादी घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का ‘दर्द’ झेल रही है। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि हाईटेंशन लाइन से आए दिन हो रहे हादसों को रोकने लिए चंबल पावर हाउस को हीरापुरा शिफ्ट किया जाए। इसके लिए लोग शुल्क देने को भी तैयार हैं।
बच्चों पर रखते नजर

लोगों ने पत्रिका को बताया कि हाईटेंशन लाइन के डर से वे वर्षों से छत पर नहीं गए हैं। क्योंकि उनको डर है कि कहीं कोई हादसा नहीं हो जाए। दिन भर बच्चों पर भी निगाह रखनी पड़ती हैं कि वे नजर बचा कर कहीं छत पर नहीं चले जाएं। उनका कहना था कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिछले कुछ सालों में कई लोगों की मौत हो चुकी है।
सब ठप हो गयाचंबल पावर हाउस के पास रामनगर,श्रीराम नगर व अन्य कॉलोनियों में मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है। लेकिन आस-पास की इन 30 से ज्यादा कॉलोनियों में विकास ठप हो गया है। न लोगों को पट्टे जारी हो रहे हैं और न ही सड़क,सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित हो रही हैं।
एक कॉल पर डिस्कॉम व जेडीए अफसर पहुंचे

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में प्रभावशाली नेता के मकान के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। कुछ दिन पहले नेता के फोन पर डिस्कॉम व जेडीए के अफसर मौके पर पहुंचे और मकान के ऊपर से जा रही एचटी लाइन शिफ्ट करने के लिए सर्वे किया।
आंदोलन करेंगे

इलाके में एचटी लाइनें नासूर बन गई हैं। समस्या के समाधान के लिए जेडीए,डिस्कॉम ने जल्द ही चंबल पावर हाउस को हीरापुरा शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू नहीं की तो लोग सड़कों पर उतरेंगे।
-नारायण सिंह, अध्यक्ष, रामनगर संयुक्त विकास महासंघ

Published on:
20 Oct 2022 10:44 pm