
निवाई. हरियालो राजस्थान अभियान के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कानूनगो निवाई में उत्साह के साथ सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान 25 पौधों की जियो टैगिंग भी की गई, ताकि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापिका कौसर सुल्ताना ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। पेड़ हमें प्राणवायु, शुद्ध वातावरण और संतुलित पर्यावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने, जल संरक्षण अपनाने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने भी पौधों की सुरक्षा और उन्हें विकसित करने का संकल्प लिया। इस दौरान शिक्षिका रीटा सिंधी, अनीता पारीक एवं मीनाक्षी मीणा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फोटोकेप्शन
एनई3007सीबी-निवाई. पौधरोपण करते विद्यार्थी व शिक्षिकाएं।