सांगानेर-बगरू क्षेत्र की 87 कॉलोनियों में लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपने घरों के बाहर निकल आए और कुछ मिनट तक थालियां बजाकर अपनी एकता का संदेश दिया।
जयपुर। सांगानेर-बगरू क्षेत्र की 87 कॉलोनियों में रविवार शाम लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी अपने घरों के बाहर निकल आए और कुछ मिनट तक थालियां बजाकर अपनी एकता का संदेश दिया। आवासन मंडल की अवाप्तशुदा जमीन पर बसी इन कॉलोनियों में कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई और बुलडोजर चलने की आशंका को लेकर लोगों में चिंता है। इसी को लेकर निवासियों ने प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर सरकार से राहत देने की मांग उठाई।
रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे कॉलोनियों में एक साथ थालियां बजने लगीं। लोगों ने इसे अपनी एकजुटता का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और अब अपने घरों को बचाने के लिए संगठित होकर आवाज उठा रहे हैं।
संघर्ष समिति के संयोजक रामप्रसाद ढाका ने बताया कि यह कार्यक्रम सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए किया गया। उनका कहना है कि हजारों परिवार इन कॉलोनियों में रह रहे हैं और वे चाहते हैं कि सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें राहत दे।
प्रदर्शन में कृषि नगर, गोवर्धन नगर, गोमती नगर, सनी नगर, आजाद नगर, सियाराम नगर, राधा गोविंद नगर, अर्जुन नगर, नंद कॉलोनी, सरस्वती नगर, गणेश नगर और गुलाब विहार सहित श्योपुर क्षेत्र की कई कॉलोनियों के सैकड़ों लोग शामिल हुए। कॉलोनियों में कुछ मिनट तक लगातार थालियां बजती रहीं और लोगों ने सरकार से समाधान निकालने की अपील की।