जयपुर

पीएम आवास योजना : राजस्थान के शहरी क्षेत्रों में मंजूर हुए 55 हजार से ज्यादा नए आवास, बीकानेर ने मारी बाजी

प्रधानमंत्री आवास योजना के मामले में बीकानेर जिला प्रदेश में सबसे आगे निकल गया है, जहां अकेले 8,094 आवासों को स्वीकृति मिली है।

2 min read
Feb 09, 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर

जयपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत राजस्थान में 55,667 नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत किए जा रहे घरों का पंजीकरण मुख्य रूप से परिवार की महिला मुखिया के नाम पर या पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर किया जा रहा है। यह जानकारी हाल ही में शहरी विकास कार्य मंत्रालय ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में दी है।

इसका सीधा उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर तबकों जैसे विधवाओं, अकेले रहने वाली महिलाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को न केवल सिर पर छत देना है, बल्कि उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से स्वतंत्र और सुरक्षित बनाना भी है।

ये भी पढ़ें

Bhimsagar Dam: भीमसागर बांध का 16 करोड़ की लागत से होगा जीर्णोद्धार, विभाग ने वर्क ऑर्डर किए जारी, बदल जाएगी सूरत

बीकानेर ने मारी बाजी

जिलों में मची विकास की होड़ और आंकड़ों की दौड़ में बीकानेर जिला प्रदेश में सबसे आगे निकल गया है, जहां अकेले 8,094 आवासों को स्वीकृति मिली है। वहीं, अजमेर 2,348 और दौसा 1,934 आवासों की मंजूरी के साथ विकास की इस दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी आवेदन और सत्यापन का काम जारी है।

'अंगीकार 2025' ने बदली तस्वीर

योजना को जमीन पर उतारने में 'अंगीकार 2025' अभियान एक गेम-चेंजर साबित हुआ है। सितंबर और अक्टूबर 2025 के दौरान चले इस विशेष अभियान में अधिकारियों ने दफ्तरों से निकलकर लोगों के दरवाजों तक दस्तक दी। शहरी स्थानीय निकायों ने गली-मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाए और 'आवास मेलों' के जरिए पात्र नागरिकों का मौके पर ही रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित किया, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आई है।

लक्ष्य बड़ा, बजट भी भारी

अगले पांच वर्षों में देश के 1 करोड़ अतिरिक्त परिवारों को घर देने के बड़े लक्ष्य के साथ पीएम आवास शहरी मिशन 2.0 आगे बढ़ रहा है। इसके लिए 15,538 करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता का प्रावधान किया गया है। राज्यों को काम शुरू करने के लिए पहली किस्त के रूप में 4,670 करोड़ रुपए की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।

किस जिले में कितने आवास स्वीकृत हुए

कोटा संभाग: कोटा 3,243, झालावाड़ 1,015, बूंदी 1,506, बारां 988

जोधपुर संभाग: जैसलमेर 1,345 ,जालोर 1,006 , पाली 1,147, फलौदी 208, जोधपुर 1,779, सिरोही 819,बालोतरा 530, बाड़मेर 382

अजमेर संभाग: भीलवाड़ा 982, अजमेर 2,348, ब्यावर 495, डीडवाना-कुचामन 555,नागौर 670, टोंक 1,433

उदयपुर संभाग: उदयपुर 941, प्रतापगढ़ 290, राजसमंद 353, सलूम्बर 31,चित्तौड़गढ़ 767, बांसवाड़ा 944, डूंगरपुर 178

जयपुर संभाग: अलवर 1,042, दौसा 1,934, कोटपूतली-बहरोड़ 860, सीकर 104, झुंझुनू 395, जयपुर 6,296, खैरथल-तिजारा 1,170

भरतपुर संभाग: भरतपुर 590, डीग 224, धौलपुर 77, सवाई माधोपुर 2,543, करौली 2,478

बीकानेर संभाग: बीकानेर 8,094,चूरू 1,101, श्रीगंगानगर, 2,481, हनुमानगढ़ 2,323

पिछले सालों में राज्य में इतने आवास स्वीकृत हुए

  • 2015-16: 25041
  • 2016-17: 3077
  • 2017-18: 19396
  • 2018-19: 26408
  • 2019-20: 27579
  • 2020-21: 35999
  • 2021-22: 33468
  • 2022-23: 86107
  • 2023-24: 35325
  • 2024-25: 23799
  • 2025-26: 31854

ये भी पढ़ें

अशोक गहलोत ने भजनलाल शर्मा को लिखी चिट्ठी, इन समस्याओं को लेकर जताई गंभीर चिंता

Published on:
09 Feb 2026 06:05 am
Also Read
View All

अगली खबर