
जशोदा बेन आज सुबह चित्तौड़गढ़ के नजदीक हुई सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि मौके पर जशोदा बेन के साथ कार में सवार एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल भी हो गए। जशोदा बेन सहित तीन घायलों को चित्तौड़गढ़ अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में जशोदा बेन का ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
गौरतलब है कि जब जशोदाबेन 15 साल की थीं और मोदी 17 साल के थे, तब गुजरात के उंझा के नजदीक ब्रह्मवाड़ा गांव में उनका विवाह हुआ था। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बात को आधिकारिक तौर पर स्वीकर कर चुके है कि जशोदाबेन उनकी पत्नी है। लेकिन शादी के तीन साल के बाद दोनों अलग हो गए थे जिसके बाद जशोदा बेन का ज्यादातर समय समाज सेवा और पूजा-पाठ में ही व्यतीत होता है।
आपको बता दें कि इससे पहले जशोदाबेन 216 में सुर्खियों में आईं थी जब अहमदाबाद के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) में एक आरटीआई आवेदन दायर कर उन्होंने नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए अपना पासपोर्ट हासिल करने के लिए जमा किए गए शादी से जुड़े दस्तावेजों का ब्योरा मांगा। पिछले साल जशोदा बेन का पासपोर्ट संबंधी आवेदन इस आधार पर खारिज कर दिया गया था कि उन्होंने ऐसा कोई विवाह प्रमाणपत्र या कोई संयुक्त शपथपत्र पेश नहीं किया, जिससे साबित होता हो कि उनकी मोदी से शादी हुई है। इस पृष्ठभूमि में जशोदाबेन ने यह आरटीआई आवेदन डाला था।
पुलिस के अनुसार, हादसा आज सुबह चित्तौड़गढ़-कोटा हाइवे पर स्थित बेगूं के नजदीक काटूंदा मोड़ पर हुआ है। सूचना मिलते ही क्षेत्र के डीएसपी राजेश राजौरा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि जसोदा बेन बेगूं से अहमदाबाद जाने के लिए निकली थी। दुर्घटना सुबह करीब दस बजे हुई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना क्या कारण रहा है।