www.patrika.com/rajasthan-news/
जयपुर। श्यामनगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मानव तस्करी मामले में शुक्रवार को सीकर रोड स्थित नाटाणी हाउस निवासी रणजीत राय (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलत: कूच बिहार का निवासी है। चाइल्ड लाइन संस्था ने गत दिनों श्यामनगर से असम की एक नाबालिग को मुक्त कराया था। तब से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने बताया कि यह भी पता चला है कि आरोपी असम, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झांसा दे जयपुर ले आता है।
क्राइम ब्रांच के मनेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी असम से 15-16 साल की लड़कियों को लाता था। परिजनों से 10 हजार रुपए में लड़कियों को खरीदता था। यहां बड़े घरों में नौकरानी का काम दिलवाता था। कोई लडक़ी देह शोषण की शिकायत करती तो ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठता।
वहीं इधर...
प्रेमी युगल ने फंदा लगाकर दी जान
डूंगरपुर। वरदा थाना क्षेत्र के लोलकपुर गांव में शुक्रवार को प्रेमी युगल के शव गांव के सेलज फला तालाब के समीप पेड़ से लटके मिले। पुलिस के अनुसार उदयपुर के सेमारी घोड़ासर गांव की रीना पुत्री धूलेश्वर कलासुआ बचपन से ही अपने मामा जयंतीलाल के घर रह रही थी। गांव का दीपक पुत्र नरेंद्र रोत भी उसी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक घर वालों को लग गई। इस पर परिजनों ने उन्हें समझाने का भी प्रयास किया। दीपक और रीना गुरुवार सुबह से गायब थे। शुक्रवार सुबह दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। मामले की छानबीन चल रही है।
मधुमक्खियों का हमला, शव छोड़ भागे लोग
रायपुर मारवाड़/पाली। पिपलिया कलां में शुक्रवार को शव यात्रियों पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। इस दौरान लोग शव छोडकऱ भाग गए। मामले के अनुसार पिपलिया कलां के गलावनी बेरा में गुरुवार रात वृद्ध महिला की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के लिए श्मशान पहुंचने पर मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। मौजूद लोग वहां से भागे। इससे कई लोग नीचे गिर गए। करीब 12 व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार कर भेजा। करीब एक घंटे बाद लोग दुबारा श्मशान पहुंचे और धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जा सका।