एयरपोर्ट प्रबंधन की क्लीन चिट के बाद रवाना हुआ विमान
मदनगंज-किशनगढ़.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमार स्वामी एवं इनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा को भुगतान के विवाद के चलते गुरुवार को करीब दस मिनट एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा। आखिरकार भुगतान किए जाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमार स्वामी के विमान ने उड़ान भरी और शाम करीब ४.१२ बजे विमान बैंगलूरु के लिए रवाना हुआ।
अपनी धार्मिक यात्रा के चलते मुख्यमंत्री कुमार स्वामी अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विशेष विमान से सुबह १०.१० बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद सीएम स्वामी और पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा परिवार समेत कारों से पुष्कर के लिए रवाना हो गए। पुष्कर ब्रह्म मंदिर के दर्शन एवं अजमेर दरगाह जियारत के बाद देवगौड़ा परिवार शाम ४ बजे एयरपोर्ट पहुंचे। ये विमान में सवार हो गए, लेकिन विमान उड़ान भरता इससे पहले ही एयरक्राफ्ट ऑपरेटर एवं ग्राउंड हैंडलर कम्पनी के प्रतिनिधि के बीच ग्राउंड हैंडलिंग भुगतान एवं अन्य भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान विमान खड़ा रहा। इसी बीच पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा विमान से उतर आए और टर्मिनल मेंं शौचालय के लिए गए। देवगौड़ा के लौटने से पहले भुगतान कर दिया गया और विवाद समाप्त हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा पुन: विमान में सवार हो गए। किशनगढ़ एयरपोर्ट प्रबंधन की क्लीन चिट मिलने के बाद शाम करीब ४.१० बजे विमान ने उड़ान भरी और सीएम स्वामी एवं पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा परिवार समेत रवाना हो गए।
इनका कहना है
निजी ग्राउंड हंैडलिंग एजेंसी प्रतिनिधि एवं एयरक्राफ्ट ऑपरेटर के बीच ग्राउंड हैंडलिंग एवं अन्य सर्विस के भुगतान को लेकर कुछ समय के लिए बातचीत हो रही थी। भुगतान कन्फर्म होने के बाद विमान को रवाना का दिया गया। विवाद जैसी ऐसी कोई बात नहीं हुई।
-अशोक कपूर, निदेशक, किशनगढ़ एयरपोर्ट।
दरगाह में जियारत और मंदिर में अनुष्ठान
इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने परिवार सहित ख्वाजा की दरगाह पर जियारत की। उनके साथ पिता पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, माता चेनम्मा देवगौड़ा, पत्नी अनिता कुमारस्वामी, भाई एच. डी. रेवन्ना सहित अन्य परिजन थे। दोपहर में ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए तथा आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने करीब एक घंटे तक विशेष अनुष्ठान तथा गणपति का पूजन किया।