
गुढ़ाचंद्रजी. घटवासन देवी मंदिर निर्माण की 29वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार को मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर समिति की ओर से 101 कन्याओं का पूजन कर चरण पखारे गए और उन्हें भोजन करवाया गया। इसके बाद कन्हैया दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव और टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने शिरकत की।
श्री घटवासन धाम मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष रामहरी मीणा भोपुर ने बताया कि वर्षगांठ के अवसर पर कन्या पूजन कार्यक्रम हुआ। इसमें 101 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया गया। देवी स्वरूप कन्याओं के चरण पखारकर उन्हें भेंट देकर विदा किया गया। इस अवसर पर मां भगवती घटवासन देवी की झांकी सजाकर विशेष श्रृंगार किया गया।
मंदिर परिसर में लोकगीत कार्यक्रम के तहत कन्हैया दंगल हुआ। इसमें आधा दर्जन मंडलियों के कलाकारों ने धार्मिक एवं पौराणिक रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोरड़ा गांव की मंडली ने रचनाओं के माध्यम से राजा भर्तृहरि की कथा का मार्मिक वर्णन किया। इसके बाद कालाखोह गांव की मंडली ने राजा मोरध्वज और मार्कंडेय ऋषि की कथा प्रस्तुत की।
पटपड़ी गांव की मंडली ने राजा हरदौल और कृष्ण-सुदामा की कथा सुनाई, जिस पर श्रोता भावविभोर होकर नाचने लगे। मंडली ने रचनाओं के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर भी प्रकाश डाला और शिक्षा का महत्व बताया। दंगल में मोहनपुरा, रानौली और नांगल शेरपुर सहित अन्य गांवों की मंडलियों ने भी लोकगीतों के माध्यम से प्रस्तुतियां दीं। समापन पर मंदिर समिति की ओर से लोक कलाकारों का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी प्राचीन संस्कृति के द्योतक हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में भक्ति भाव के साथ भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि मां घटवासन देवी के मंदिर में श्रद्धा से ढोक लगाने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सांसद ने यात्रियों की सुविधा के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने कहा कि लोकगीतों में हमारी संस्कृति की झलक दिखाई देती है। ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने विधायक कोष से चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इससे पहले सांसद और विधायक ने मां भगवती घटवासन देवी के दर्शन कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर समिति अध्यक्ष रामहरी मीणा भोपुर, कोषाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, रामराज मीणा तिमावा, मुकेश मीणा ढहरिया और जसराम मीणा मोहनपुरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सांसद और विधायक का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में गुढ़ाचंद्रजी सहित तिमावा, घाटौली, नांद गोरड़ा और रिंगसपुरा आदि गांवों से हजारों लोग पहुंचे और कन्हैया दंगल की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।
गुढ़ाचंद्रजी। कन्हैया दंगल के अवसर पर मंचस्थ करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव और टोडाभीम विधायक घनश्याम महर।