
BबेलगावीB. जिले में 1 जनवरी 2026 से अब तक एच1एन1 संक्रमण के 47 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बीमारी के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच और उपचार कराने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संदिग्ध एच1एन1 मरीजों के गले अथवा नाक से स्राव के नमूने एकत्र कर जांच के लिए बेलगावी स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इससे संक्रमण की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई.पी. गडाद ने बताया कि एच1एन1 की जांच और उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां, उपकरण तथा अन्य चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य सेवाओं को सक्रिय किया जा रहा है।