
जल आपूर्ति, सीवरेज और अपशिष्ट प्रबंधन पर होगा विशेष जोर
चेन्नई. राज्य सरकार ने सोमवार को नगर प्रशासन एवं जल आपूर्ति विभाग के तहत कई बुनियादी ढांचा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें जल आपूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, भूमिगत सीवरेज नेटवर्क और जल निकायों का पुनरुद्धार शामिल है। विधानसभा में मंत्री ए. राजमोहन ने बताया कि मुख्यमंत्री के एकीकृत शहरी विकास मिशन के तहत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए लगभग 25 करोड़ रुपए का अनुमान लगाया गया है। योजनाओं का फोकस पेयजल, सीवरेज, अपशिष्ट प्रबंधन, सड़कें, शहरी हरियाली और जल निकायों के पुनरुद्धार पर होगा। मुख्य घोषणाओं में मेट्रो वाटर द्वारा संचालित 22 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को अपग्रेड कर संपीड़ित बायोगैस उत्पादन करने की योजना शामिल है।
पल्लावरम और क्रोमपेट क्षेत्रों में सीवरेज पुनर्निर्माण
कन्याकुमारी जिले की 286 सड़क किनारे बस्तियों, विरुदुनगर जिले के श्रीविल्लीपुत्तुर नगरपालिका, तेनकाशी की दो नगरपालिकाओं और सात टाउन पंचायतों के लिए एकीकृत पेयजल योजनाएं घोषित की गईं। तांबरम निगम में पल्लावरम और क्रोमपेट क्षेत्रों में सीवरेज पुनर्निर्माण तथा तिरुनीरमलै में नया भूमिगत सीवरेज प्रोजेक्ट 254 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होगा। कोयंबत्तूर, शिवकाशी और तिरुचेंदूर में शहरव्यापी भूमिगत सीवरेज के लिए व्यवहार्यता अध्ययन किया जाएगा। बहस के दौरान डीएमके विधायक केएन नेहरू ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शहरी निकायों में वार्डों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
Updated on:
26 Aug 2026 06:02 am
Published on:
26 Aug 2026 06:02 am
