
छापी बांध का फाइल फोटो: पत्रिका
IMD Yellow Alert: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां पूर्वी हिस्से में बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन जम्मू और देहरादून से होते हुए कम दबाव के क्षेत्र तक बनी हुई है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बुधवार तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में अलवर, बूंदी, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, सवाईमाधोपुर और टोंक जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज हुई। सबसे अधिक बारिश सवाईमाधोपुर के भाड़ौती में 4.72 इंच दर्ज हुई। इसके अलावा टोंक के अलीगढ़ में 4.25 इंच, दौसा के राहूवास और सवाईमाधोपुर के भावरा में 4.13 इंच बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के करीब 19 जिलों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
वहीं 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।
सवाईमाधोपुर के भाड़ौती में 4.72 इंच, टोंक के अलीगढ़ में 4.25 इंच, दौसा के राहूवास और सवाईमाधोपुर के भावरा में 4.13 इंच बारिश दर्ज की गई। दौसा और लालसोट में 3.74 इंच, बूंदी के नैनवा में 2.83 इंच, तालेड़ा में 2.76 इंच, झालावाड़ के अमलेरा में 2.17 इंच, जयपुर में 1.94 इंच और बूंदी में 1.67 इंच बारिश हुई।
झालावाड़ में लगातार हो रही बारिश के चलते छापी बांध में पानी की आवक बढ़ गई। इसके बाद बांध के 7 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। जल संसाधन विभाग के अनुसार दोपहर 2 बजे तक सातों गेटों को दो-दो मीटर की ऊंचाई तक खोलकर 31,548 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। वहीं चंवली बांध भी लबालब भर गया है। मंगलवार सुबह बांध पर 5 सेंटीमीटर की चादर चलने लगी। लगातार बारिश और बांधों में बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी करते हुए बारिश की संभावना जता दी है।
Updated on:
26 Aug 2026 07:51 am
Published on:
26 Aug 2026 07:49 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
मानसून
