जयपुर

‘लोकेश शर्मा डरपोक, कल तक खा रहा था मलाई’ गहलोत के बचाव में आए खाचरियावास; जमकर निकाली भड़ास

Phone Tapping Case: राजस्थान के चर्चित फोन टैपिंग मामले को लेकर सियासी गलियारों में बवाल मचा हुआ है। OSD रहे लोकेश शर्मा ने अशोक गहलोत पर आरोप लगाए तो प्रताप सिंह खाचरियावास ने उनको जमकर खरी-खोटी सुनाई।
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2024, 4:12 PM IST
Feature image
फाइल फोटो

Phone Tapping Case: राजस्थान में पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय हुआ फोन टैपिंग का मामला फिर से सुर्खियों में है। इस मामले को लेकर दिल्ली से जयपुर तक बवाल मचा हुआ है। बीते 25 सितंबर को ही पूर्व सीएम अशोक गहलोत के ओएसडी रहे लोकेश शर्मा से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पूछताछ की है। पूछताछ में उन्होंने अशोक गहलोत पर विधायकों की कॉल रिकॉर्डिंग सुनने सहित कई आरोप लगाए हैं। अब इस मामले में गहलोत सरकार में मंत्री रहे प्रताप सिंह खाचरियावास की एंट्री भी हो गई है। उन्होंने लोकेश शर्मा को डरपोक बताया है।

खाचरियावास ने सुनाई खरी-खोटी

दरअसल, फोन टैपिंग मामले में लोकेश शर्मा के लगाए गए ओरोपों को लेकर प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि लोकेश शर्मा जैसे डरपोक लोग कल तक मलाई खा रहे थे और आज फालतू बातें कर रहा है। ऐसे लोगों के आने से तो कांग्रेस-बीजेपी वाले सब संभल गए हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान खाचरियावास ने कहा कि, वो कोई सलमान खान है, अक्षय कुमार है, कौन जानता है उसको…ये अशोक गहलोत का दिन में चार बार नाम लेता है तब लोग जानते हैं कि ओएसडी था। ये अगर ऐसे ही बयान देता रहा तो खुद फंस जाएगा एक दिन। इसके रोज नए बयानों के कारण इसको पुलिस जरूर पकड़ लेगी, रोज नए बयान देने वाले जेल जरूर जाया करते हैं, ध्यान रहे।

लोकेश शर्मा ने कल दिया था ये बयान

गौरतलब है कि बीते बुधवार को लोकेश शर्मा ने राजस्थान के फोन टैपिंग केस में दिल्ली पुलिस की पुछताछ के बाद पूर्व सीएम पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि पॉलिटिकल क्राइसिस के समय अशोक गहलोत अपने पक्ष के विधायकों सहित सचिन पायलट के साथ मानेसर गए विधायकों के फोन सर्विलांस पर लिए थे, वह सभी की रिकॉर्डिंग सुनते थे कि किसने किससे बात की? इसमें तत्कालीन DGP, चीफ सेक्रेटरी, होम सेक्रेटरी और CM के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका भी शामिल थे।

साथ ही लोकेश शर्मा ने यह भी कहा था कि आज मैंने सात पेज का मेरा जवाब दिया है और इस स्टेटमेंट को कलमबद्ध भी करवाया है। मैंने दिल्ली क्राइम ब्रांच के समक्ष कहा है कि फोन टैपिंग से जुड़े हुए जो तथ्य मेरे पास हैं, जरूरत पड़ने पर मैं क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश कर सकता हूं। साथ ही लोकेश शर्मा ने कहा अब इस मामले में क्राइम ब्रांच को आगे इन्वेस्टिगेशन के लिए अशोक गहलोत से पूछताछ करनी चाहिए।

गजेंद्र शेखावत दर्ज कराई थी FIR

उल्लेखनीय है कि फोन टैपिंग के मामले में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मार्च 2021 में दिल्ली क्राइम ब्रांच में लोकेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके खिलाफ शर्मा ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है।

Updated on:
26 Sep 2024, 4:12 PM IST
Published on: