जयपुर

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, कृषि उपज मंडी में होगा उपखंड स्तरीय मुख्य समारोह

Jul 30, 2026
Rajasthan

निवाई. स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। उपखंड अधिकारी कार्यालय में एसडीएम गंभीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में समारोह की तैयारियों का विभागवार आकलन किया गया तथा अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप समारोह के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि समारोह अनुशासित, सुरक्षित और आकर्षक माहौल में संपन्न हो सके। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, ध्वजारोहण स्थल की तैयारियां, अतिथि एवं दर्शक बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विभाग को अपने स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर करने के लिए कहा। बैठक के दौरान कानून एवं व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा और राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपखंड अधिकारी ने अधिकारियों से राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
फोटोकेप्शन
एनई2907सीडी-निवाई. एसडीएम ऑफिस में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारी।

Updated on:
30 Jul 2026 06:01 am
Published on:
30 Jul 2026 06:01 am