
बालघाट. भारतीय जनता पार्टी मंडल बालघाट के कंजौली, कटारा-अजीज, बालघाट एवं भोपुर शक्ति केंद्रों पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में तिरंगा यात्रा के विधानसभा सह संयोजक कैलाश मीणा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हरगुण सिंह ने की।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस से पहले मंडल मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकालने को लेकर चर्चा की गई। कैलाश मीणा ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल जुलूस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे देशभक्ति के जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन, स्कूल-कॉलेज, सामाजिक संगठनों और व्यापारी वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित कर यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष हरगुण सिंह ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी और सह प्रभारी नियमित रूप से बूथ अध्यक्षों से संवाद करें। उन्होंने कहा कि बूथ भाजपा की सबसे मजबूत इकाई है। कार्यकर्ता आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके समाधान का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। जनता की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान संगठन को मजबूती प्रदान करता है।
मंडल महामंत्री कृष्णा जांगिड़ ने कहा कि पंचायतीराज चुनावों की आरक्षण प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने वाली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से घर-घर जनसंपर्क शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में स्थानीय, ईमानदार, जमीनी और मेहनती कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। संभावित प्रत्याशियों को लेकर आमजन से फीडबैक लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसमें लोकप्रियता और सामाजिक स्वीकार्यता को आधार बनाया जाएगा।
फोटो
बालघाट. क्षेत्र में तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता।