
जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने तबीयत खराब होने और आराम करने की चिकित्सकों की सलाह के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7 जुलाई के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बैठक ली। प्रधानमंत्री की जनसभा में राज्यभर से 3 लाख लोगों को लाने की प्लानिंग बनाई गई। इसमें 2.38 लाख विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी होंगे।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर लाए जाने वाले लाभार्थियों को चिह्नित किया। लाभार्थियों के साथ 54 हजार बूथ अध्यक्षों और 10 हजार शक्ति केन्द्रों से भी लोगों को जनसभा में लाया जाएगा। इससे पहले राजे ने मुख्य सचिव डीबी गुप्ता और पुलिस महानिदेशक ओपी गल्होत्रा से जनसभा को लेकर चर्चा की।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह सांवलियाजी के कलश व ध्वजारोहण, डूंगरपुर में महाराणा प्रताप की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में जाने के दौरान मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उनके सभी कार्यक्रम स्थगित करने के साथ ही निजी चिकित्सक डॉ. सुधीर भंडारी ने उनकी स्वास्थ्य जांच कर आराम करने की सलाह दी थी।
28 से जिलों में बैठक
भाजपा ने सभी जिला प्रभारियों को 28 जून से 7 दिन तक अपने प्रभार वाले जिले में रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पहले जिला, फिर मंडल स्तर पर बैठकें करनी होंगी।