जयपुर

IMD Alert 11 May: 47 डिग्री तापमान के बीच राजस्थान के इन 8 जिलों में राहत की खबर, अगले 2 घंटे में बारिश का अलर्ट

Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार चूरू,झुुंझुनूं, कोटपूतली—बहरोड, खैरथल—तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर में अगले तीन घंटे में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट 11 मई को सुबह 10 बजे किया है, जो अगले तीन घंटे तक प्रभावी रहेगा।
2 min read
May 11, 2026
Rajasthan rain update
Phoro Patrika

Heatwave Alert: जयपुर. राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने तात्कालिक राहत का संकेत देते हुए 8 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर तेज मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

विभाग के अनुसार इन जिलों में अचानक मौसम परिवर्तन देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार चूरू,झुुंझुनूं, कोटपूतली—बहरोड, खैरथल—तिजारा, अलवर, डीग, भरतपुर और धौलपुर में अगले तीन घंटे में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट 11 मई को सुबह 10 बजे किया है, जो अगले तीन घंटे तक प्रभावी रहेगा।

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और खुले स्थानों से दूर रहें। किसानों और आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है। भीषण गर्मी के बीच यह बारिश का अलर्ट प्रदेशवासियों को कुछ राहत दे सकता है।

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को मौसम में बदलाव

राजस्थान में मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। शेष अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि आगामी दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 5-6 दिनों तक हीटवेव और ऊष्ण रात्रि की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। विभाग ने नागरिकों को तेज धूप और गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Updated on:
11 May 2026 12:07 pm
Published on:
11 May 2026 11:13 am