
जयपुर। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य हरि उर्फ हैरी बॉक्सर के अमरीका में पकड़े जाने के बाद अब जांच एजेंसियों की निगाहें उसके विदेशी नेटवर्क पर टिकी है। अमरीकी एजेंसी आईसीई ने उसे हिरासत में लिया है। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के प्रयासों के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अमरीकी न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे डिपोर्ट किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर एजीटीएफ उसे अपनी कस्टडी में लेगी। एजीटीएफ सूत्रों के अनुसार, न्यायालय और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के चलते उसके डिपोर्ट होने में कम से कम डेढ़-दो माह लग सकते हैं।
जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि हरि बॉक्सर से पूछताछ में लॉरेंस गैंग के विदेश में सक्रिय नेटवर्क, हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी के रास्तों और विदेश से संचालित गतिविधियों के अहम सुराग मिल सकते हैं। खास तौर पर यह पता लगाने का प्रयास होगा कि गैंग तक विदेशी हथियार और अन्य संसाधन किस माध्यम से पहुंचते थे और इसमें कौन-कौन लोग सक्रिय थे। अमूमन प्रत्यर्पण के तहत एक देश दूसरे देश में आपराधिक मामले में वांछित आरोपी को मुकदमे का सामना करने या सजा भुगतने के लिए सौंपता है। अमरीका के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत यह प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
विदेश में रहने के दौरान हरि बॉक्सर के गैंग के संपर्क में रहने और आपराधिक गतिविधियों में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। भारत लाए जाने के बाद विभिन्न जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर सकती हैं। उसके बयानों से विदेश में बैठे गैंग के गुर्गों और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क के बीच कनेक्शन सामने आने की उम्मीद है।
हैरी का जयपुर से पुराना नाता रहा है। वह यहां रहकर बॉक्सिंग की ट्रेनिंग लेता था और कोच के रूप में भी काम कर चुका है। इसी कारण उसे बॉक्सर नाम मिला। इसी दौरान उसका संपर्क आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से हुआ और धीरे-धीरे वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया। वर्ष 2022 में वह भारत से फरार हो गया।
जयपुर के नारायण विहार थाना इलाके में भी उसके खिलाफ कारोबारी को धमकाने का मामला दर्ज है। आरोपी ने फोन पर कारोबारी को धमकाते हुए कहा था- इतनी गोलियां मारूंगा कि सात पुश्लें याद रखेंगी। बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के एक्सटॉर्शन नेटवर्क में सक्रिय था। जयपुर पुलिस और एजीटीएफ उसके स्थानीय नेटवर्क पर लगातार नजर रखे हुए थी।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा निवासी हरिचंद जाट पर राजस्थान में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध और मारपीट सहित 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। डीआइजी योगेश यादव के सुपरविजन में एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व वाली ऑपरेशनल टीम और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व वाली इंटरपोल टीम की अहम भूमिका रही।