
जयपुर।
राजस्थान विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भाजपा इन दिनों मिशन मोड पर है। कांग्रेस को पटखनी देकर 'कमल' खिलाने और सत्ता का सुख भोगने की हसरत लिए पार्टी पूरी ताकत झोंकती दिख रही है। यही वजह है कि नित नए कैंपेन शुरू कर कार्यकर्ताओं को सक्रीय रखा जा रहा है। 'महा जनसम्पर्क अभियान' और 'जन आक्रोश अभियान' के बीच अब ‘सम्पर्क से समर्थन अभियान’ का आगाज़ मंगलवार से हो गया है।
पहले संपर्क, फिर हासिल करेंगे समर्थन
प्रदेश भाजपा अब ‘सम्पर्क से समर्थन अभियान’ के ज़रिए मोदी सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएगी। केंद्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर पार्टी के इस विशेष अभियान का आगाज़ आज हो गया। प्रदेश स्तरीय अभियान के तहत वरिष्ठ और प्रमुख नेता विभिन्न वर्गों तक पहुंचेंगे। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व ने नेताओं की जिम्मेदारियां तय की हैं। अभियान 30 जून तक जारी रहेगा।
विभिन्न वर्गों से समर्थन पाने का अभियान
प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने बताया कि ‘सम्पर्क से समर्थन अभियान’ प्रत्येक विधानसभा स्तर पर प्रभावशाली व नेतृत्वशील लोगों से संपर्क कर समर्थन प्राप्त करने का अभियान है। समाज के विभिन्न वर्गों व श्रेणियों के प्रभावी तथा ओपिनियन मेकर लोगों से संपर्क स्थापित कर संवाद किया जाएगा। साथ ही केन्द्र सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के बारे में जानकारी देकर समर्थन प्राप्त किया जाएगा।
अभियान के तहत ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल में हुए जनकल्याण के ऐतिहासिक कार्यों की पुस्तिका विभिन्न वर्गों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही अभियान से जुडने के लिए 9090902024 नम्बर पर मिस्ड कॉल करवाये जाएंगे।
इन वर्गों तक बनाएंगे पहुंच
प्रदेश में अपनी विशिष्ट प्रतिभा के बल पर पहचान बनाने वाले यूथ आइकन, खेल जगत से अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाडी, प्रमुख मीडिया व्यक्तित्व व सोशल मीडिया कार्यकर्ता, दलित एवं वंचित समाज के प्रमुख लोग, कला-साहित्य क्षेत्र से चित्रकार, लेखक, कवि, संगीतकार, अभिनेता-नेत्री, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, आदि, शिल्पकला क्षेत्र से हस्त शिल्पी, बुनकर, कुम्हार आदि, उद्योग जगत से उद्योगपति, व्यवसायी, व्यापारी, डॉक्टर, वकील चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक, वैज्ञानिक, शहीदों व सुरक्षाकर्मियों के परिजन, राष्ट्रीय/प्रदेश स्तरीय पुरस्कृत व्यक्ति, किसान व पशुपालन क्षेत्र से जुड़े लोग, एनजीओ, स्टार्टअप, आशा/आंगनबाड़ी से जुड़े विशिष्ट लोग, सामाजिक पंचायती राज के जनप्रतिनिधि, पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, राजनीतिक दलों के पूर्व अध्यक्ष, स्वच्छता सैनिक (सफाई कर्मी), कामगार, मजदूर, श्रमिक व पश्चिम बंगाल में राजनैतिक हिंसा, बिहार में जहरीली शराब के शिकार आदि, समाज के इन प्रमुख वर्गों के लोगों से सम्पर्क किया जाएगा।
जानें कौन कहाँ संभाल रहा ज़िम्मा
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता आज ‘सम्पर्क से समर्थन अभियान’ की शुरूआत विभिन्न जिलों से कर रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी व संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर जयपुर शहर, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ चूरू, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया करणी विहार मंडल जयपुर शहर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी आदर्श नगर, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी सीकर, सांसद राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ झोटवाड़ा, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद दीया कुमारी राजसमंद व ब्यावर, प्रदेश महामंत्री व विधायक मदन दिलावर कोटा, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी अजमेर, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी बारां, पूर्व मंत्री जसवंत यादव बहरोड़ (अलवर), सांसद पीपी चौधरी सुमेरपुर (पाली) से इस अभियान की शुरूआत कर रहे हैं।