
Rajasthan Weather : फाइल फोटो - ANI
Weather Update : मौसम विभाग ने अपने दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में 28 सितम्बर को राजस्थान के 4 संभाग और 29 को तीन संभाग में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40-50 KMPH की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस बीच शाम 6 बजे मौसम विभाग ने 3 घंटे का अपडेट जारी किया है। राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में 27 सितंबर से 29 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 27 सितंबर को जयपुर सहित आस-पास के कई क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे और मौसम में ठंडक महसूस की गई। 26 सितंबर को बदले मौसम के मिजाज का असर गर्मी से राहत के रूप में दिखाई दिया। अब मौसम विभाग ने अपने दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में 28 और 29 सितंबर को भी प्रदेश के अजमेर, भरतपुर, जयपुर तीनों संभागों के साथ-साथ 28 सितंबर को बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में 29 सितंबर से और पूर्वी राजस्थान में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। IMD ने 28 सितंबर को राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड, सीकर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर इन 17 जिलों में कहीं कहीं मेघगर्जन, वज्रपात, हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार डिप्रेशन कमजोर होकर वेल मार्क लो प्रेशर के रूप में उत्तर प्रदेश के मध्य भागों व आस-पास के क्षेत्र के ऊपर अवस्थित है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर पश्चिमी भारत व आस-पास के क्षेत्रों के ऊपर मौजूद है। उपरोक्त के प्रभाव से 29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने और शेष अधिकांश भागों में आगामी 5-6 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे 26 सितंबर को प्रदेश में कई जगह मौसम में आए बदलाव के बाद ज्यादातर स्थानों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट है। 26 सितंबर को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान फलोदी का 42 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर का 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं ज्यादातर स्थानों का अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा। इससे एक-दो दिन पहले अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही थी। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से मानसून की विदाई के बाद भी अधिकतम तापमान में वृद्धि के चलते प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया था। पश्चिमी विक्षोभ के असर से इसमें फिलहाल राहत मिली है।
मौसम विभाग के शाम 6 बजे जारी तीन घंटे के पूर्वानुमान में डबल अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के अनुसार सीकर तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
वहीं मौसम विभाग के येलो अलर्ट के अनुसार श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर एवं टोंक जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएँ 30-40 किमी/घंटा तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
Updated on:
27 Sept 2026 07:02 pm
Published on:
27 Sept 2026 06:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
