जयपुर

‘राहुल गांधी कांग्रेस की कब्र खोद देंगे’, राजस्थान BJP प्रभारी राधामोहन दास का तंज, मंत्रिमंडल फेरबदल पर दिया ये जवाब

Rajasthan BJP News: राजस्थान BJP के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर तीखा निशाना साधा।
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2025, 6:51 PM IST
Rahul Gandhi and Radha Mohan Das

Rajasthan BJP News: राजस्थान BJP के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल बुधवार को जयपुर पहुंचे। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी पर तीखा निशाना साधा। जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस देशभर में खत्म हो रही है और राहुल गांधी इसके मुख्य कारण हैं।

राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस तो 2013 से पहले ही दिल्ली से खत्म हो चुकी थी। राहुल गांधी बड़े अच्छे इंसान हैं, भगवान उनकी अच्छाई बरकरार रखे। वो कांग्रेस की इतनी कब्र खोद देंगे कि देश में कहीं भी कांग्रेस नहीं बचेगी।

कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए अग्रवाल ने कहा कि जनता कांग्रेस को अच्छी तरह जान चुकी है। अब वे बेबुनियाद आरोप लगाकर चर्चा में बने रहने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इससे हमें कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि फायदा ही होगा।

आम आदमी पार्टी पर हमला

आम आदमी पार्टी को लेकर अग्रवाल ने कहा कि यह पार्टी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग जान चुके हैं कि आप पार्टी केवल झूठ, भ्रष्टाचार, और वसूली की राजनीति करती है। शिक्षा और स्वास्थ्य के वादे पूरे नहीं हुए। फ्री बिजली का वादा करके बाद में लोगों से 5000 रुपए वसूल रहे हैं। अब तो शराब मुफ्त बांटने लगे हैं। जनता अब इन्हें पहचान चुकी है और दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने जा रही है।

मंत्रिमंडल विस्तार पर CM लेंगे फैसला

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उठ रहे सवालों पर अग्रवाल ने इसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेषाधिकार बताया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार होना है या नहीं, यह पूरी तरह मुख्यमंत्री तय करेंगे। उन्होंने इस संबंध में मुझसे कोई चर्चा नहीं की है। उन्हें जो उचित लगेगा, वह फैसला लेंगे।

वहीं, राजस्थान बीजेपी के संगठन चुनावों पर अग्रवाल ने कहा कि जिलाध्यक्षों का चयन लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। 45 से 60 साल की उम्र के कार्यकर्ताओं को, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड या भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, मौका दिया जा रहा है। राधामोहन दास ने कहा कि 800 से अधिक मंडल अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है।

दिल्ली में बीजेपी की जीत का दावा

बीजेपी प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने दिल्ली चुनावों को लेकर कहा कि बीजेपी ने वहां शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव का नतीजा बस घोषित होना बाकी है। बीजेपी बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।

Updated on:
22 Jan 2025, 6:51 PM IST
Published on: