Rajasthan By Poll 2024 : राजस्थान में सात सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने है। इस बीच बड़ी खबर आ रही है।
जयपुर। राजस्थान में सात सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने है। इस बीच बड़ी खबर आ रही है। सीकर में भाजपा नेता पर बदमाशों ने हमला कर उनके पैर तोड़ दिए है। उन्हें गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पूर्व सरपंच पर चुनावी रंजिश में वारदात को अंजाम देने के आरोप लगाए गए हैं। मामला लक्ष्मणगढ़ थाना इलाके के बाटड़ानाऊ गांव का है।
पुलिस के अनुसार जाजोद ब्लॉक के भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल दुल्लड़ पर शुक्रवार रात 9 बजे हमला किया गया। वे स्कूटी पर खेत से घर लौट रहे थे। इस दौरान चार-पांच गाड़ियों में आए पूर्व सरपंच हंसराज व उसके साथियों ने हमला कर दिया। गंभीर हालत में दुल्लड़ को सीकर के एसके हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना में देर रात तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
हमले की सूचना मिलने के बाद देर रात सुमेधानंद सरस्वती समेत कई भाजपा नेता एसके हॉस्पिटल पहुंचे। घटना के बाद अस्पताल में पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा नेता सुभाष महरिया, दिनेश जोशी, नेता प्रतिपक्ष अशोक चौधरी सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर्स से बात की। वहीं पुलिस की ओर से आरोपियों की तलाश की जा रही है।