जयपुर

भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाहा निलंबित, क्रॉस वोटिंग के चलते लिया फैसला

भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाह को पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर क्रॉस वोटिंग करने के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया।

less than 1 minute read
Jun 10, 2022
rajasthan bjp mla shobha rani kushwaha suspend

जयपुर। राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव में धौलपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक शोभारानी कुशवाह को पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर क्रॉस वोटिंग करने के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया।

नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने मीडिया को यह जानकारी देते हुए कहा कि गत नौ जून को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी ने व्हिप जारी कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन शोभारानी कुशवाह ने अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद तिवारी को दिया जो सरासर व्हिप का उल्लंघन हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे पास 71 वोट थे एक वोट क्रॉस हुआ, वह शोभारानी कुशवाह ने दिया, इसलिए हमने उन्हें निलंबित कर दिया। हमने उनसे सात दिन में जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि शेाभारानी की व्यक्तिगत मजबूरियों का लाभ कांग्रेस ने उठाया है, मुझे नहीं लगता की उन्होंने यह जानबुझकर किया होगा, फिर भी पार्टी की मर्यादा को तोड़ा गया है। इसलिए उन्हें निलंबित कर दिया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही शोभारानी कुशवाह के क्रॉस वोट करने की चर्चा होने पर कटारिया ने मीडिया से कहा था कि इस मामले में कार्यवाही की जाएगी।

बता दें कि राजस्थान में कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। राजस्थान में कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी की जीत हुई है। वहीं बीजेपी के घनश्याम तिवाड़ी ने भी जीत हासिल की है। निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा है।

Published on:
10 Jun 2022 10:31 pm