जयपुर

‘राजस्थान में जल्द हाेगी नए प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा, कर्नाटक चुनाव के कारण हुआ विलंब’

प्रभुलाल सैनी ने प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा में विलंब के सवाल पर कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इतने दिन कर्नाटक चुनाव में व्यस्त रहा, इसीलिए घोषणा में विलंब हुआ

2 min read
May 15, 2018
BJP to double leprosy free patients pension

जयपुर। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी का कहना है कि भाजपा राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही लड़ेगी और प्रदेश में फिर अपनी सरकार बनाएगी। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनी कर्नाटक में भाजपा को मिली बढ़त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का भरोसा बताया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव तथा बाद में लोकसभा चुनाव में भाजपा का परचम फहराएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में भी जातिवाद पर आधारित मुद्दविहीन राजनीति कर रही है। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा में विलंब के सवाल पर कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इतने दिन कर्नाटक चुनाव में व्यस्त रहा। इसीलिए प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा में विलंब हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई की अब शीघ्र ही नए प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सलाह से केंद्रीय नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा करेगा।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने जातिवाद के आधार पर चुनाव लडऩे वाली कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाकर संख्या बल में सबसे बड़ी पार्टी का जिम्मा भाजपा को मिला है। भाजपा का विजयी रथ लगातार आगे बढ़ रहा है और राजस्थान में भी कर्नाटक जीत का परिणाम कार्यकर्ताओं की मेहनत पर दोहराया जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर ने कहा कि कर्नाटक में भी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मजबूती प्रदान कर संख्या बल में ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा की बढ़त के साथ ही मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और आतिशबाजी कर खुशी प्रकट की। कार्यकर्ताओं के जश्न के बीच ही प्रदेशाध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे चुके अशोक परनामी पहुंचे। मीडिया से बातचीत में परनामी ने कहा कि आज भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए बेहद खुशी का दिन है। कर्नाटक में कांग्रेस ने जिस प्रकार से विष घोलने का काम किया, जनता ने उसी तरीके से कांग्रेस को जवाब देते हुए सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। परनामी प्रदेशाध्यक्ष के चैंबर में गए, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं बैठे। मीडिया से मुखातिब होने से पहले वे प्रदेशाध्यक्ष चैंबर में प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी के पास लगाई गई दूसरी कुर्सी पर बैठे रहे।

Published on:
15 May 2018 07:36 pm
Also Read
View All