जयपुर

राजस्थान में महापौर-सभापति चुनाव से पहले बढ़ा तनाव, डोटासरा ने सरकार को दी गंभीर चेतावनी, जानें पूरा मामला

Congress Warning To BJP: गोविंद डोटासरा ने सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मर्डर या खून-खराबा होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी है। जानें क्या है पूरा मामला...
2 min read
Sep 19, 2026
govind singh dotasara
गोविंद सिंह डोटासरा (File Photo)

जयपुर . नगरीय निकायों में महापौर, सभापति और अध्यक्ष चुनाव से पहले पार्षदों को साधने की सियासत के बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सत्ता और प्रशासन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।भरतपुर में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन और जैसलमेर के होटल में ठहरे बीकानेर के कांग्रेस पार्षदों के पास सीआईडी पहुंचने के आरोपों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर गुरुवार को सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों को ज्ञापन दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने बानसूर, फतहनगर, उदयपुर, अलवर, बीकानेर, कुचेरा, डेगाना और देवली-उनियारा समेत कई जगह पार्षदों पर दबाव बनाने के आरोप लगाए। साथ ही सरकार को बहुत गंभीर चेतावनी भी दी है।

‘मर्डर या खून-खराबा हुआ तो सरकार की होगी जिम्मेदारी’

सीकर में पालिका चेयरमैन के चुनावों को लेकर प्रदेशभर में हो रही किलाबंदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ये सब बंद नहीं किया तो जनता में आक्रोश बढ़ जाएगा और यदि कोई मर्डर या खून-खराबा हुआ तो जिम्मेदारी सरकार और पुलिस की होगी। डोटासरा ने इसे गुजरात मॉडल बताते हुए कहा कि सरकार पुलिस व प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है।

यहां ऐसे रहे हालात

बीकानेर: नगर निगम में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। कांग्रेस के सभी पार्षद जैसलमेर के एक होटल में ठहरे हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि गुरुवार सुबह कुछ सीआईडी कर्मी होटल में जबरन घुसे और पार्षदों की संख्या गिनकर लौट गए। यहां कांग्रेस के बागी नवरतन डागा ने नामांकन वापस ले लिया है। अब महापौर पद के लिए कांग्रेस के अनिल कल्ला और भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत के बीच सीधा मुकाबला है।

भरतपुर: भरतपुर निगम में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय विचित्र सिंह के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा की अनुराधा सिंह निर्विरोध महापौर चुनी गईं। कांग्रेस का आरोप है कि एक दिन पहले विचित्र सिंह के पति और पूर्व मेयर शिव सिंह भौंट के होटल में भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारी पहुंचे थे। सेटबैक जांच के बहाने सरकार के दबाव बनाया। अगले दिन गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की मौजूदगी में नामांकन वापस कराया गया। हालांकि बेढ़म ने आरोपों को खारिज करते हुए नाम वापसी को विकास के लिए लिया गया फैसला बताया।

बानसूर और फतहनगर में पुलिस कर रही परेशान

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बानसूर में कांग्रेस के कैंप में बार-बार पुलिस भेजकर पार्षदों पर दबाव बनाया जा रहा है। फतहनगर में निर्दलीय चेयरमैन प्रत्याशी ममता चपलोत के घर अवैध निर्माण का नोटिस देकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने उदयपुर, अलवर, बीकानेर, कुचेरा, डेगाना और देवली-उनियारा समेत पूरे प्रदेश में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कांग्रेस की ओर से सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों को ज्ञापन देकर पार्षदों को डराने-धमकाने और उठाकर ले जाने के आरोपों की शिकायत की गई।