
राजस्थान विधानसभा का दो दिन का सत्र शुरू हो चुका है। पहले दिन 191 विधायकों ने शपथ ली। अब 8 विधायक शेष रह गए हैं, जिनका शपथ लेना बाकी है। नई सरकार के गठन के बाद पहली बार शुरू हुए विधानसभा सत्र का पहला दिन खट्टी-मीठी यादें देकर गया है। बिना राज्यपाल के अभिभाषण के सत्र शुरू करने पर पूर्व संसदीय कार्यमंत्री और विधायक शांति धारीवाल ने आपत्ति जताई तो युवा विधायक अंशुमान भाटी द्वारा राजस्थानी भाषा में शपथ लेने पर हुए विवाद पर डोटासरा चुटकी लेते नजर आए। विधानसभा में कई रंग भी देखने को मिले। जहां भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक राजकुमार रोत, उमेश मीणा और थावरचंद मीणा आदिवासी वेशभूषा में नजर आए, वहीं बाड़मेर के शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी की पारंपरिक वेशभूषा ने भी सभी का मन मोह लिया।
इसी बीच सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा दिल्ली जा रहे हैं। उनके दूसरी बार दिल्ली दौरे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि क्या मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है ? विधानसभा सत्र गुरुवार को खत्म हो जाएगा। ऐसे में जल्द ही मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। आपको बता दें कि सीएम बनने के सीएम भजन लाल का यह दूसरा दिल्ली दौरा है।
30 मंत्रियों की सूची है सौंपी
पार्टी सूत्रों की मानें तो आलाकमान को 30 नामों की सूची सौंपी गई है। मगर पहले फेज में 15 मंत्रियों को शपथ दिलाने की चर्चा है। लगभग सभी नामों पर सहमति बन गई है। लेकिन आलाकमान के स्तर पर एक बार सीएम से चर्चा की जाएगी। इसके बाद ही मंत्रियों के नाम फाइनल होंगे।
नपा-तुला हो मंत्रिमंडल
भजन लाल शर्मा के मंत्रिमंडल में वरिष्ठ और युवा चेहरों का नपा—तुला काम्बीनेशन देखने को मिलेगा। हालांकि युवा चेहरों को ज्यादा तवज्जों दी जाएगी। मगर कुछ वरिष्ठों को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी, ताकि सरकार चलाने में उनके अनुभव का फायदा लिया जा सके।