जयपुर

Rajasthan Cm Oath: पीएम मोदी की मौजूदगी में भजनलाल शर्मा आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

Rajasthan Cm Oath: राज्य में नई सरकार का गठन शुक्रवार को हो जाएगा। भाजपा विधायक दल के नेता और सांगानेर विधायक भजनलाल शर्मा अल्बर्ट हॉल के सामने रामनिवास बाग में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

3 min read
Dec 15, 2023
bhajan_lal_sharma_

Rajasthan Cm Oath: राज्य में नई सरकार का गठन शुक्रवार को हो जाएगा। भाजपा विधायक दल के नेता और सांगानेर विधायक भजनलाल शर्मा अल्बर्ट हॉल के सामने रामनिवास बाग में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ भाजपा की ओर से घोषित उप मुख्यमंत्री विद्याधर नगर विधायक दिया कुमारी और दूदू विधायक प्रेम चंद बैरवा भी शपथ लेंगे। राजभवन की ओर से जारी आदेश के अनुसार वे मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री की शपथ दिलाने की जानकारी दी गई है। प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा में भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री का चौदहवां चेहरा होंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केन्द्रीय मंत्री और आधा दर्जन से अधिक राज्यों के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में होगा।

पहले ऐसा माना जा रहा था कि मंत्रियों को भी शपथ दिलवाई जाएगी, लेकिन पार्टी ने तय किया है कि अल्बर्ट हॉल के सामने आयोजित समारोह में सीएम-डिप्टी सीएम की ही शपथ होगी। मंत्रियों की नियुक्ति केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद ही होगी। अल्बर्ट हॉल (रामनिवास बाग) के बाहर होने वाले इस समारोह को भव्य बनाने के लिए शुक्रवार देर रात तक तैयारियां जारी थीं।

मोदी, केन्द्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया, अर्जुन राम मेघवाल, रामदास अठावले, कैलाश चौधरी, केन्द्रीय राज्यमंत्री बिशेस्वर तुडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के हेमंत बिस्वा शर्मा, गोवा के प्रमोद सावंत, हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर, मध्यप्रदेश के मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंन्द्र फडणवीस सहित कई नेता मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक के कई पदाधिकारी भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।

मुख्यमंच के अलावा दो और मंच
समारोह के लिए मुख्य मंच के दोनों तरफ दो मंच और बनाए गए हैं, जहां केन्द्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री बैठेंगे। इसी तरह मंच के सामने दो ब्लॉक बनाए गए हैं। एक में सांसद-विधायक और एक में अधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

मोदी गारंटियों की झलकियां भी दिखेंगी
समारोह स्थल पर पीएम नरेन्द्र मोदी की गारंटियों की भी झलक देखने को मिलेगी। समारोह स्थल पर भाजपा के झंडो और होर्डिंग काउंटर सहित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं वाले पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं।

56 वर्ष के हो जाएंगे भजनलाल
भजनलाल शर्मा शुक्रवार को 56 वर्ष के हो जाएंगे। उनका जन्म 15 दिसम्बर 1967 को हुआ था। शपथ ग्रहण समारोह में शर्मा के माता-पिता, परिवार भी शामिल होगा। दोनों नामित डिप्टी सीएम के परिवारजन भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।

मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा जोरों पर
मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्रियों की शपथ के बाद जल्द मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा जोरों पर है। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में बारह से पन्द्रह मंत्री बनाए जा सकते हैं। संभावना यह भी जताई जा रही है कि शुक्रवार शाम को ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो मंत्रियों की शपथ राजभवन में होगी। हालांकि, देर रात तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा।

मोदी का आना, कई संदेश देगा
पीएम नरेन्द्र मोदी का शपथ ग्रहण समारोह में आना भाजपा के सियासी हलकों को कई संदेश देना है। उनका आना यह बताएगा कि शीर्ष नेतृत्व का प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरा सहयोग रहेगा। राज्यों में नए चेहरे दिए हैं, उनको पीएम पूरा सहयोग कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में आने वाले मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्रियों के राज्यों की 194 लोकसभा सीटों में से 144 भाजपा के पास हैं।

10 बड़े वादे उतरना है खरा

1. जैसे मुख्यमंत्री का नाम लीक नहीं हुआ, उस तरह पेपर लीक भी न हो।

2. पहले साल में ही महिलाओं पर अत्याचार पर अंकुश लगाना।

3. कानून व्यवस्था के लिए कड़े कदम।

4. पेट्रोल-डीजल की दरों की समीक्षा कर राहत दिलाएं।

5. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की जांच के लिए स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम का गठन।

6. किसान सम्मान निधि को दोगुना करने का वादा निभाना।

7. युवाओं को ढाई लाख सरकारी नौकरी देने का वादा।

8. ईआरसीपी को राष्ट्रीय दर्जा।

9. 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाना।

10. राज्य को कर्ज के बोझ से बाहर निकाल, अर्थव्यवस्था को मजबूत करना।

Published on:
15 Dec 2023 07:26 am