जयपुर

Rajasthan Election 2018: सूची के इंतजार में बीता दूसरा दिन, पल-पल घड़ी देखते रहे, देर शाम आई यह खबर

कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को सूची का इंतजार मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2018, 8:57 PM IST
rajasthan congress

जयपुर। कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को सूची का इंतजार मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ता और संभावित उम्मीदवार दिनभर घड़ी देखते हुए समय बिताते रहे। लेकिन अभी यह इंतजार और भी लंबा हो गया है।

देर शाम दिल्ली स्थित एआईसीसी से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस की पहली सूची बुधवार को आ सकती है। सुबह टिकिटार्थियों ने प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं से मुलाकात के प्रयास किए, लेकिन नेताओं के अलग-अलग स्थानों पर बैठकों में व्यस्त रहने के चलते मुलाकात नहीं हो सकी।

एआईसीसी में रहा जमावड़ा
सभी टिकिटार्थी और उनके समर्थक एआईसीसी में पहुंच गए। इनका रात तक जमावड़ा लगा रहा। टिकिटार्थी कयास लगाने लगे थे कि मंगलवार को सीईसी की बैठक के बाद नेताओं ने कहा था कि मंगलवार को सूची जारी किए जाने के लिए कही थी। सभी सूची के इंतजार में समय बढ़ता गया। लोग टीवी और सोशल मीडिया पर भी सूची की खबर का इंतजार करते रहे।


आपको बता दें कि सोमवार अपराह्न 4 बजे केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक तय थी। पूरी टीम सोनिया गांधी के आवास पर पहुंची। यहां राहुल गांधी की अध्यक्षता में अब तक तय पैनल पर फिर चर्चा हुई। करीब 3 घंटे चली बैठक में बड़े नेताओं के बीच बहस के बाद टकराव के हालात पैदा हो गए। सूत्रों के अनुसार जयपुर और बीकानेर संभाग सहित अन्य जिलों की कुछ सीटों पर सहमति नहीं बन सकी।

बीकानेर संभाग की कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर राज्य नेताओं के बीच विवाद हुआ। नेताओं ने पसंदीदा को टिकट दिलाने की कोशिश की। उसे लेकर प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी में बहस हो गई थी।

विवादित नामों पर राहुल ने पुन: चर्चा कर सहमति बनाने के निर्देश दिए। समिति ने सर्वसम्मति वाली 50 सीटों पर मुहर लगा दी। समिति 95 नाम पहले ही फाइनल कर चुकी है। कांग्रेस 125 से 130 प्रत्याशियों की घोषणा की तैयारी में जुट गई। समिति 15 नवम्बर को शेष प्रत्याशी तय करके घोषित करेगी।

Published on: