जयपुर

राजस्थान सियासी ड्रामा: पोलो ग्राउंड पहुंची ‘जादूगर’ की टीम, फाइनल मैच पर नजर, देखें वीडियो

Rajasthan Congress Crisis: राजनीतिक उथल-पुथल के बीच चांदना का मैच में पहुंचे जोशी, कटारिया, आंजना, यादव और लोढ़ा
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2022, 10:00 PM IST
ashok gehlot

जयपुर. राजस्थान में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच विधानसभा अध्यक्ष और गहलोत सरकार के प्रमुख मंत्री सोमवार को जनरल अमर सिंह कानोता कप पोलो का खिताबी मुकाबला देखने रामबाग पोलो ग्राउंड पहुंचे। खास बात यह है कि मुकाबले में राजस्थान सरकार के खेल मंत्री और गहलोत समर्थक कहे जाने वाले अशोक चांदना के नेतृत्व में टीम चांदना क्राइसिल फाइनल खेल रही थी।

विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, सहकारिताा मंत्री उदयलाल आंजना, गृहराज्य मंत्री राजेंद्र यादव, मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा और भीम से विधायक सुदर्शन रावत पोलो ग्राउंड पर मौजूद थे। जोशी ने टीमों को पुरस्कृत किया।

परिवार की बातें सड़क पर नहीं होती
मैच के बाद खेल मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि राजस्थान की राजनीति में चल रहे घटनाक्रम को लेकर कहा कि यह कांग्रेस परिवार का मामला है। अब परिवार की बातें सड़क पर तो नहीं की जातीं। हर घर में कुछ नाराजगी होती है जो बैठकर सुलझा ली जाती है। हमारा कांग्रेस परिवार भी बहुत बड़ा है। छोटी-मोटी सी बात को तूल देकर उसे बड़ा नहीं बनाना चाहिए। भारत भावनात्मक देश है। कांग्रेस में कोई असंतोष और मनमुटाव नहीं है। हमारा परिवार एक है और हमारी टीम एक है। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भी कोई जोर-जबदस्ती नहीं की गई। सब की अपनी स्वयं की राय है। अब उसे कोई कुछ भी समझ सकता है।

हर प्लान हम करेंगे फेल
चांदना ने कहा कि हमारे परिवार की मुखिया सोनिया गांधी हैं, राहुल गांधी हैं। वे जो भी कहेंगे सर्वमान्य होगा। कांग्रेस हमेशा से अपने नियम-कायदों पर चली है। राजस्थान में अभी कांग्रेस सरकार है और भविष्य में भी कांग्रेस सरकार रहे। बीजेपी के हर प्लान को हम फेल कर देंगे। आमजन को लेकर भाजपा सरकार से संघर्ष हमेशा जारी है और रहेगा। अमजन कितना परेशान है, यह कांग्रेस अच्छी तरह जानती है। गहलोत सरकार के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार शानदार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

Published on: