जयपुर

Rajasthan Diwas : 5 दिन के ‘मेगा सेलेब्रेशन’ का प्लान फाइनल, जयपुर में नहीं- इस बार यहां होगा मुख्य समारोह, देखें पूरा शेड्यूल

राजस्थान अपनी स्थापना की 77वीं वर्षगांठ को इस बार अभूतपूर्व अंदाज में मनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में इस बार 'राजस्थान दिवस' महज एक दिन का आयोजन न होकर, 5 दिवसीय भव्य 'महा-उत्सव' होगा।
2 min read
Mar 10, 2026
Feature image

राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, अदम्य साहस और आधुनिक विकास के संगम को प्रदर्शित करने के लिए इस साल 'राजस्थान दिवस' समारोह पर सरकारी जलसा बेहद खास होने वाला है। समारोह के तहत प्रदेशभर में 15 से 19 मार्च तक विकसित राजस्थान रन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज सहित विविध कार्यक्रम होंगे। 18 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा महाआरती करेंगे।

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 15 मार्च को राज्य स्तरीय विकसित राजस्थान रन का फ्लैग ऑफ किया जाना प्रस्तावित है। राजस्थान दिवस के अवसर पर सभी राजकीय कार्यालय एवं भवन भी रोशनी से जगमगायेंगे। मुख्य समारोह 19 मार्च को जालौर में होगा।

15 मार्च: 'विकसित राजस्थान रन' और क्विज से आगाज

उत्सव की शुरुआत 15 मार्च को जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 'विकसित राजस्थान रन' को हरी झंडी दिखाने के साथ होगी।

  • इसी दिन 'राजस्थान को जानो' क्विज प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ा जाएगा।
  • विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में निबंध, भाषण और चित्रकारी के जरिए प्रदेश की प्रतिभाएं निखरेंगी।
  • जयपुर सहित सभी जिलों में ODOP (एक जिला एक उत्पाद) मेले और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

16 मार्च: बेणेश्वर धाम में 'जनजातीय गौरव दिवस'

16 मार्च का दिन आदिवासियों के कुंभ 'बेणेश्वर धाम' (बांसवाड़ा) को समर्पित होगा।

  • यहाँ 'राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस' मनाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री जनजातीय समुदाय के साथ सीधा संवाद करेंगे।
  • जनजातीय कला और हस्तशिल्प की विशेष प्रदर्शनी लगेगी और क्षेत्र के विकास के लिए कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।

17 मार्च: 'युवा शक्ति दिवस' और रोजगार मेला

17 मार्च को प्रदेश के युवाओं के सपनों को उड़ान दी जाएगी।

  • जयपुर में राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विशाल रोजगार मेला (Job Fair) लगेगा।
  • शाम को उद्योगपतियों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद होगा और निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को एम्प्लॉयमेंट लेटर (नियुक्ति पत्र) सौंपे जाएंगे।

18 मार्च: आस्था का सैलाब और 'किसान समृद्धि दिवस'

18 मार्च का दिन आध्यात्मिक और आर्थिक मजबूती का संगम होगा।

  • महाआरती: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर में विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती कर प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे। देवस्थान विभाग के सभी मंदिरों में जनप्रतिनिधियों द्वारा आरती की जाएगी।
  • किसान संवाद: भरतपुर में 'किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस' मनाया जाएगा। यहाँ मुख्यमंत्री अन्नदाताओं के साथ संवाद करेंगे और कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी सौगातें देंगे।

19 मार्च: जालोर में 'राजस्थान दिवस' का मुख्य समारोह

समारोह का समापन 19 मार्च को जालोर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ होगा।

  • यहाँ सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद होगा और सीधा लाभ हस्तांतरण (DBT) किया जाएगा।
  • जयपुर में कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसका समापन आतिशबाजी (Fireworks) के साथ होगा। पूरे प्रदेश के सरकारी भवन रोशनी से जगमगाएंगे।
Updated on:
10 Mar 2026 01:41 pm
Published on:
10 Mar 2026 01:41 pm