जयपुर

चुनाव से पहले पार्टी ही सबकुछ, टिकट कटते ही बदल जाते हैं तेवर

बागी नेताओं की दास्तां... नामांकन वापसी के लिए पार्टियां थमाती हैं झुनझुना, लेकिन कई ठगे जाते तो कुछ को ही मिलती बूटी
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2018, 12:23 PM IST
jaipur
चुनाव से पहले पार्टी ही सबकुछ, टिकट कटते ही बदल जाते हैं तेवर

जयपुर. नीति सिद्धांत और विचारधारा की बात करने वाले राजनीतिक दल ही नहीं उनके नेताओं के चाल-चरित्र का कोई भरोसा नहीं है। दल जहां चुनाव से पहले बागी होने वाले नेताओं को मनाने के नाम पर आश्वासन के झुनझुने थमा तो देता है लेकिन बाद में उन आश्वासनों को (अपवाद छोड़ कर) पूरा नहीं किया जाता। इसी तरह नेताओं की बात करें तो ये लोग पार्टी को 'मांÓ बताते हैं और बड़े नेताओं के पांव छूते हैं लेकिन एक अदद टिकट कटते ही तेवर ही बदल जाते हैं। पार्टी के नीति सिद्धांत व विचारधारा रातोंरात गलत और जिन नेताओं को आदर्श बताते थे उन्हीं पर भ्रष्टाचार, भेदभाव सहित अनेक तरह के आरोप मढ़ देते हैं।

पिछले दो चुनावों के विश्लेषण से पता चलता है कि कार्यकर्ता यह अच्छी तरह समझ गए हैं कि पार्टी आश्वासन पूरा करेगी इसकी कोई गारंटी नहीं है। यही वजह है कि कार्यकर्ता बगावत का बिगुल फूंक देते हैं। इस बार भी कई सीटों पर पार्टियों ने पिछले चुनाव के बागियों तथा नामांकन वापस लेने वालों को टिकट देकर उपकृत किया है।

चुनाव के बाद भूल गई पार्टी
मदन दिलावर ने 2013 के चुनाव में टिकट कटने पर बगावत की तो राजनाथ सिंह ने उन्हें सम्मान का आश्वासन देकर नामांकन वापस करावा दिया। 5 वर्ष तक बिसराए दिलावर को बगावत के डर से इस बार टिकट दिया गया है।

जो पार्टी को हराता उसको टिकट
पीलीबंगा से 2003 में भाजपा के टिकट जीते धर्मेंद्र मोची को 2008 में फिर टिकट मिला। पार्टी की ही बागी द्रोपती मेघवाल ने मोची को हरवा दिया। 2013 में द्रोपती भाजपा टिकट पर जीतीं, मोची बागी बने। इस बार मोची को टिकट दे दिया।

खेतड़ी में ऐसा ही हुआ
2008 में भाजपा के धर्मपाल गुर्जर खेतड़ी से हारे, 2013 में टिकट कटा तो बागी हुए। पार्टी के बड़े नेताओं ने समझाया पर वे नहीं बैठे और भाजपा प्रत्याशी को हरवा दिया। उनकी बगावत से सहमी भाजपा ने इस बार धर्मपाल को खेतड़ी सीट पर फिर उम्मीदवार बना दिया।

दस साल तक पूछा नहीं, अब टिकट
2003 में जैसलमेर से भाजपा के सांगसिंह जीते। 2008 में टिकट कटा। 2013 में भी टिकट नहीं मिला तो बागी हुए। आश्वासन पर नामांकन वापस ले लिया लेकिन 5 साल तक पार्टी व सरकार में उनको आश्वासन के अनुरूप कोई पद नहीं मिला। इस बार मौजूदा विधायक से जनता की नाराजगी और आश्वासन पूरा न होने के चलते सांगसिंह को फिर से उम्मीदवार बना दिया।

चोट दी तो राजकुमार को टिकट
राजकुमार शर्मा ने 2008 में कांग्रेस से नवलगढ़ से टिकट मांगा। नहीं मिला तो बसपा से चुनाव लड़ा और जीते। गहलोत की सरकार में बसपा के 5 अन्य विधायकों के साथ शामिल हो गए। लेकिन 2013 में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया तो बागी चुनाव लड़कर जीते। चोट खाई कांग्रेस ने इस बार राजकुमार को नवलगढ़ से टिकट दे दिया।

सुमित्रा भाजपा को देंगी झटका!
सुमित्रा सिंह 2003 में भाजपा के टिकट पर झुंझुनूं सीट से जीती था। 2008 में मंडावा से टिकट मिला पर हार गई। 2013 में भाजपा ने टिकट काटा तो वे बागी हो गई। मैदान में डटी रहीं खुद हारीं और भाजपा को भी हरवा दिया। 2018 में वह खुद चुनाव नहीं लड़ रही लेकिन भाजपा को हराने के लिए वे तथा उनके समर्थक पूरा जोर लगाएंगे।

गौरव यात्रा में दिखाया दम
भाजपा के गुरुदीप सिंह को 2013 में संगरिया से टिकट नहीं मिली तो वे बागी हो गए। चोट खाई भाजपा ने गौरवयात्रा में उन्हें बुलाया तो उन्होंने भी पूरा दमखम दिखाया। इससे खुश होकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गुरदीप इस बार वहीं से टिकट दिलवा दिया।

जमानत जब्ती के इनाम में मिला टिकट
नोखा में भाजपा के बिहारी लाल को 2013 में टिकट नहीं दिया। बागी हुए उन्हें 35,367 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। उनकी बगावत से भाजपा की जमानत जब्त हो गई पार्टी पांचवे नंबर पर पहुंच गई। इससे सहमी भाजपा ने इस बार उन्हें वहीं से टिकट दे दिया।

सेवा नहीं, कारसेवा से मानी कांग्रेस
राजनीति में सेवा करने वाले कम और 'कारसेवाÓ करने वाले जल्दी आगे बढ़ते हैं। यह बात शायद डॉ. आरसी यादव को पता नहीं थी। उनका पूरा परिवार कांग्रेस से जुड़ा रहा। वे छात्र जीवन से सक्रिय रहे। सरकारी नौकरी के दौरान भी पार्टी को सहयोग करते रहे, लेकिन 2013 में उन्होंने बहरोड़ से कांग्रेस से टिकट मांगा तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया। तब यादव ने बगावत कर दी, नतीजतन वे तीसरे तथा कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम चौथे स्थान पर पहुंच गए। पार्टी की आंखें खुली और इस बार यादव को बहरोड से टिकट दे दिया।

Published on: