
जयपुर. राजस्थान के चुनावी रण में हर हाल में सरकार बनाने के लिए भाजपा- कांग्रेस दोनों ही पूरे जोर-शोर से जुटी हुई है। इस जतन में सभी राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज नेता एवं स्टार प्रचारक पार्टी प्रत्याशी के समर्थन के लिए प्रचार में जुट चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के 40 स्टार प्रचारक राजस्थान में सक्रिय हो चुके हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मांग उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है, वहीं कांग्रेस में सबसे ज्यादा डिमांड पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की है।
प्रत्याशी कर रहे सिद्धू की मांग
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में सबसे ज्यादा मांग क्रिकेटर, टी.वी. कलाकार और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की सबसे ज्यादा मांग है। अधिकांश उम्मीदवार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सिद्धू का चुनाव दौरा कराए जाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सिद्धू की 1 से 5 दिसंबर के दौरे में 25 सभाओं को लेकर मांग आई है। इसके अलावा प्रदेश के नेताओं में प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत की चुनावी सभाएं कराने के लिए उम्मीदवार समय की मांग कर रहे हैं। प्रदेश में सोमवार को राहुल गांधी के दौरे के बाद संभवत: 28 नवंबर से स्टार प्रचारकों के दौरे तेज होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की लगभग सभी सीटों से सभाएं कराए जाने को लेकर उम्मीदवार से नेताओं की मांग ले ली है। उम्मीदवारों की मांग के अनुसार स्टार प्रचारकों से पार्टी समय ले रही है। सभी से समय 28 नवंबर या फिर इसके बाद का मांगा जा रहा है।
भाजपा में 40 स्टार प्रचारक
भाजपा ने यूं तो चालीस स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है, लेकिन जिस नेता की सबसे ज्यादा डिमांड है, भाजपा के हिंदुत्ववादी चेहरे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। कुछेक को छोड़कर हर भाजपा प्रत्याशी ने किसी ना किसी स्टार प्रचारक की सभा की डिमांड की है। पीएम और सीएम की सभाओं के साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सर्वाधिक मांग सामने आ रही है। उम्मीदवारों की चाहत है कि उनके क्षेत्र में पीएम, सीएम और सीएम योगी में से किसी की सभा हो।
तीसरे मोर्चे के स्टार प्रचारक कूदे, कई कतार में
बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ ही आप व सपा की भी प्रचार में उतरने की योजना बन गई है। ये दल क्षेत्रों में इन स्टार को लेकर जा रहे हैं। दिल्ली, पंजाब, उप्र के नेता ज्यादा सक्रिय हैं। आप सांसद भगवंत मान 27 नवम्बर से श्रीगंगानगर की विस सीटों पर प्रचार करेंगे। एक दिसम्बर को बीकानेर में जनसभा करेंगे। आप सांसद संजय ङ्क्षसह 29 नवम्बर को बहरोड व भिवाड़ी में सभा करेंगे। बानसूर में सपा प्रत्याशी के समर्थन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सभा करने आएंगे।