
जयपुर। Rajasthan Assembly Election 2023 : राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची के लिए अभी और इंतजार करना होगा। केन्द्रीय चुनाव समिति की रविवार को संभावित बैठक टलने के कारण यह स्थिति बनी है। दरअसल, राजस्थान में पहली सूची जारी होने के बाद कई सीट पर बवाल मचा हुआ है। ऐसी स्थिति में आलाकमान जल्दबाजी में कोई रिस्क नहीं उठाना चाहता। प्रदेश भाजपा भी शेष सीटों के पैनल तैयार करने के लिए नए सिरे से होमवर्क कर रही है। इन सीटों पर मजबूत दावेदार, जातीय और सियासी समीकरण की स्थिति को क्रॉस चैक किया जा रहा है।
इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी सोमवार को उदयपुर और जोधपुर आ रहे हैं। उनका 18 अक्टूबर को कोटा और अजमेर संभाग के दौरे पर रहने का संभावित कार्यक्रम है। इन सभी स्थितियों के कारण केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक टाली गई है। अब समिति की बैठक 17 या 20 अक्टूबर को हो सकती है।
नड्डा आज आएंगे, हर गतिविधि पर होगी बात
नड्डा सोमवार को उदयपुर और जोधपुर के दौरे में दोनों संभागों के पदाधिकारी और नेताओं की बैठकें लेंगे। नड्डा सुबह 10 बजे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शहर के एक होटल में मंथन करने के बाद शाम 4.40 बजे जोधपुर चले जाएंगे। इस दौरे में प्रदेश में दावेदार और समर्थकों के चल रहे विरोध के डैमेज कंट्रोल को लेकर भी बात होगी।
अब बड़े नाम भी होंगे...
दूसरी सूची में प्रदेश के कई शीर्ष नेताओं के नाम भी होंगे। इसमें ए-श्रेणी की ज्यादा सीट शामिल की जा सकती हैं। प्रदेश भाजपा कोर कमेटी के शीर्ष नेताओं की इन सीटों पर चर्चा हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक कई सीट पर पैनल के नाम में भी बदलाव किया गया है।