जयपुर

Rain Alert Rajasthan : राजस्थान में 2 जुलाई से भारी बारिश का अलर्ट, जानिए मानसून की कब होगी एंट्री

मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिनों तक मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
2 min read
Jun 28, 2026
Rain Alert Rajasthan
Rain Alert Rajasthan। फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan Monsoon 2026 update : जयपुर। राजस्थान में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे लंबा इंतजार कराया है। वर्ष 2021 से 2025 के दौरान मानसून कभी सामान्य तिथि से पहले तो कभी निर्धारित समय पर प्रदेश पहुंच गया था, लेकिन वर्ष 2026 में जून के आखिरी में भी मानसून के राजस्थान में प्रवेश की उम्मीद नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है। अगले तीन-चार दिनों में इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिनों तक मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

दो जुलाई को मानसून की दस्तक, अधिकारिक घोषणा नहीं

मौसम केन्द्र का कहना है कि 2 जुलाई से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के और अधिक क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। यदि यह सिस्टम सक्रिय रहता है तो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून तेजी से आगे बढ़ सकता है।

जहां प्री मानसून नहीं वहां पारा बढ़ा

उधर, जहां बारिश नहीं पहुंची है वहां गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ाए हुए हैं। अगले तीन-चार दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में तापमान 38 से 42 डिग्री के बीच रहने के साथ अधिक नमी के कारण उमस भरी गर्मी का असर बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी राजस्थान के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 75 मिमी बारिश बांसवाड़ा जिले के दानपुर में रिकॉर्ड की गई। इसीप्रकार अलवर में 41 मिलीमीटर बारिश हुई।

प्री-मानसून मेहरबान, अलवर में 15, राजगढ़ में 13 व रैणी में 16 मिमी बारिश

अलवर जिले में शनिवार देर रात हुई तेज बारिश हुई। खेतों में पानी भर गया और किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी। हालांकि रविवार को पूरा दिन उमसभरी गर्मी का जोर रहा। अलवर में 15, बहादुरपुर में 3, लक्ष्मणगढ़ में 5, राजगढ़ में 13 और रैणी में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई। एक जून से अब तक जिले के विभिन्न ब्लॉकों में कुल 742 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। मौसम विभाग ने जिले में तीन जुलाई तक बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।