
जयपुर में बारिश। फोटो पत्रिका
Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। राज्य में गुरुवार को कई जिलों में बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान के सरदारशहर (चूरू) में सर्वाधिक 56 मिमी, जयपुर में 50 मिलीमीटर और सुनैल (झालावाड़) में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 41.0, जैसलमेर में 40.8 और बाड़मेर में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में आगामी दो से तीन दिनों तक मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है। चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन बारिश की गतिविधियों के चलते आगामी दिनों में इसमें गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून गुजरात और मध्यप्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले तीन से चार दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह से राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और कई जिलों में मानसून सक्रिय हो सकता है।
जयपुर में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला। करीब साढ़े तीन बजे बारिश शुरू हुई। साढ़े चार बजे तक शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इसके बाद करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर बारिश हुई। जयपुर के कलक्ट्रेट सर्कल पर 50 मिलीमीटर बारिश रेकॉर्ड की गई। शहर में सुबह से तेज धूप रही। दोपहर तीन बजे तक उमस के साथ गर्मी ने परेशान किया। तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। शहर भर से 50 से अधिक शिकायतें कलक्ट्रेट कंट्रोल रूम में पहुंची। रामनिवास बाग के पिछले गेट पर पेड़ गिर गया। वहीं, यादगार के पास बने बस स्टॉप का होर्डिंग गिर गया।
Published on:
25 Jun 2026 08:54 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
