
Rajasthan weather update: सीकर में बारिश। फोटो पत्रिका
Rajasthan Weather Update : जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 24 घंटों के लिए बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक 26 मिलीमीटर वर्षा झुंझुनूं और रामगढ़ (सीकर) में दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में भी दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने जयपुर में मंगलवार को भी 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 से 26 जून के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं दक्षिणी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।
प्रदेश में दिन के तापमान में कमी का असर दिखाई देने लगा है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। सोमवार को श्रीगंगानगर 42.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद बीकानेर 40.2, जैसलमेर 40.1 और बाड़मेर 40.6 डिग्री तापमान के साथ गर्म रहे। दूसरी ओर पर्वतीय क्षेत्र माउंट आबू 28.3 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
मैदानी इलाकों में अलवर, पिलानी और सीकर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे रात के समय हल्की राहत महसूस की गई। राजधानी जयपुर में तापमान सामान्य से नीचे रहने से दिन की गर्मी कुछ कम हुई, लेकिन 27.2 डिग्री न्यूनतम तापमान यह संकेत देता है कि रातों में उमस बनी हुई है। पूर्वी राजस्थान में बादलों की सक्रियता बढ़ने से अगले दो-तीन दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
सीकर जिला मुख्यालय पर सुबह तेज उमस रही। दोपहर में खासी गर्मी रही। दोपहर बाद मौसम पलटा और बादलों ने डेरा जमा लिया। शाम करीब पांच बजे से रुक-रुक बूंदाबांदी शुरू हो गई। करीब पांच से सात मिनट तक छितराई बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। लोगों ने मौसम का लुत्फ लिया। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।
Published on:
22 Jun 2026 08:25 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
