
राजधानी जयपुर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार न्यू सांगानेर रोड पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक फैले अतिक्रमणों के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह दो सप्ताह के भीतर इस पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करे और इसकी पालना रिपोर्ट का शपथ पत्र पेश करे। हाईकोर्ट ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा यानी दो सप्ताह में पालना रिपोर्ट पेश नहीं की गई, तो संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना होगा। ऐसे में साफ़ है कि दिवाली पर्व के दौरान थमी कार्रवाई एक बार फिर से बड़े पैमाने पर शुरू होना वाली है।
जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस संगीता शर्मा की खंडपीठ ने सुरेश चंद रावत व अन्य की ओर से दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए ये महत्वपूर्ण आदेश पारित किए। जेडीए और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक न्यू सांगानेर रोड के अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है।
अदालत ने निर्देश दिया है कि कार्रवाई पूरी कर दो सप्ताह में शपथ पत्र के साथ पालना रिपोर्ट दाखिल की जाए। ऐसा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों को कोर्ट में तलब किया जाएगा।
सुनवाई के दौरान इस मामले में पक्षकार बनने के लिए पेश किए गए करीब एक दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्रों को भी खंडपीठ ने सिरे से खारिज कर दिया। इससे अतिक्रमण हटाने की राह में आ रही कानूनी अड़चनें दूर हो गई हैं।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 7 दिसंबर की तारीख तय की है। याचिकाकर्ताओं की ओर से एडवोकेट गीतेश जोशी, एडवोकेट जसवंत परसोया और वागिश शर्मा ने पैरवी की।
सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच अतिक्रमणों के कारण लंबे समय से यातायात का भारी दबाव और जाम की स्थिति बनी रहती है। हाईकोर्ट की इस सख्ती और एक दर्जन से ज्यादा अर्जियां खारिज होने के बाद अब जेडीए की प्रवर्तन शाखा (Enforcement Wing) द्वारा इस रूट पर बड़े स्तर पर पीला पंजा (बुलडोजर) चलाने की तैयारी तेज होने की उम्मीद है।